भुसावर: मोक्षधाम में श्रीमद् भागवत कथा का समापन, परशुराम मंदिर में की पूजा
सात दिवसीय आयोजन के समापन पर आयोजकों ने भगवान परशुराम और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आभार व्यक्त किया।

भुसावर के पारवाले हनुमान जी मंदिर परिसर स्थित भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान उपस्थित ठाकुर ठाकुरानी भक्त मंडल के सदस्य और गणमान्य नागरिक।
भुसावर कस्बे में ऐतिहासिक सुहारी सड़क मार्ग स्थित बादशाह की हौद मोक्षधाम (श्मशान घाट) में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन गुरुवार, 14 मई को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। पितरों की शांति एवं मोक्ष प्राप्ति की कामना को लेकर आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन में सर्व समाज की सहभागिता और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
यह आयोजन पहली बार मोक्षधाम परिसर में किया गया, जिसके चलते यह कार्यक्रम पूरे कस्बे में चर्चा और आस्था का केंद्र बना रहा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथा स्थल पर वातावरण में एक ओर “जय-जय श्री राधे” की गूंज रही, तो वहीं दूसरी ओर बुधवार को “राम-राम सत्य है” के स्वर से संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा।
कथा वाचक पुष्पेन्द्र मिश्र एवं आयोजक ठाकुर ठाकुरानी मंडल के सदस्यों ने समापन अवसर पर कस्बे के प्रमुख गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में बस स्टैंड के पास हिंडौन सड़क मार्ग स्थित पारवाले हनुमान जी मंदिर परिसर में स्थित भगवान परशुराम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान कथा के सफल समापन और सर्व समाज के सहयोग हेतु भगवान परशुराम को माला, साफा पहनाकर भोग लगाया गया तथा पुष्प अर्पित कर आभार प्रकट किया गया।
इसी क्रम में कस्बे की पुरानी सब्जी मंडी में अग्रवाल समाज द्वारा भी आयोजन में सहयोग को लेकर आभार व्यक्त किया गया। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री विजय कुमार गुप्ता (अचार वाले) के नेतृत्व में सेठ मांगीलाल भडाके वालों की धर्मशाला में स्थापित महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माला एवं साफा पहनाकर सम्मान व्यक्त किया गया।
वहीं रणधीरगढ़ सड़क मार्ग स्थित महात्मा ज्योतिराव फूले की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण एवं साफा अर्पित कर सैनी एवं माली समाज के सहयोग के प्रति आभार जताया गया। इस अवसर पर भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपील करते हुए क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
इस पावन अवसर पर भोला, दिनेश, विष्णु सैनी, स्नैक केचर यादराम सैनी, रामस्वरूप सैनी, कैलाश, सत्येंद्र कुमार, प्रमोद, रघुपत, पिंटू खैम सहित ठाकुर ठाकुरानी भक्त मंडल के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने मोक्षधाम परिसर को एक अद्वितीय आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
