भुसावर (भरतपुर)। भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शुमार भुसावर कस्बे सहित संपूर्ण उपखंड क्षेत्र में आगामी 19 अप्रैल, रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का प्राकट्य दिवस अपार श्रद्धा, धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में कस्बे के समस्त विप्र बंधु और सनातन धर्मप्रेमी सपरिवार सम्मिलित होकर विप्र समाज की एकजुटता का संदेश देंगे।

भगवान परशुराम सेवा समिति के सदस्य महेश चंद जति ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कस्बे के मुख्य बस स्टैंड के समीप हिण्डौन सड़क मार्ग पर बिजली घर के पास स्थित पारवाले हनुमानजी मंदिर परिसर में प्रतिष्ठित भगवान परशुराम मंदिर प्रांगण में भव्य आयोजन होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08 बजे भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के अभिषेक के साथ होगा, जिसके पश्चात भव्य फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। इस दौरान विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ संपन्न होगा। भक्तिमय माहौल के बीच 108 दीपों के साथ भगवान की महाआरती उतारी जाएगी और तत्पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

धार्मिक अनुष्ठानों की इसी कड़ी में कस्बे की बरपाड़ा कॉलोनी स्थित ब्राह्मण समाज धर्मशाला में भी जन्मोत्सव की गूँज सुनाई देगी। यहाँ अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर प्रातः 08 बजे हवन यज्ञ एवं शस्त्र पूजन का विशेष विधान किया जाएगा। संध्याकाल में 07 बजकर 15 मिनट पर दीपदान महोत्सव और महाआरती का आयोजन कर भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए समस्त विप्र समाज और कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियों में जुट गए हैं। श्रद्धा और भक्ति का यह संगम न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Mohan Joshi, Bharatpur

Mohan Joshi, Bharatpur

नाम: मोहन लाल जोशी

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं

परिचय एवं अनुभव 

मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:

  • राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
  • ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
  • शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:

  • स्नातक (Graduation)
  • बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
  • पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।

Next Story