भुसावर के बारौली गांव में आंधी का कहर, कई मकान धराशायी और लोग घायल
राजस्थान के भुसावर क्षेत्र में तेज आंधी से बारौली गांव में मकानों की दीवारें और टीन शेड गिरने से संपत्ति का भारी नुकसान हुआ तथा बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई।

भुसावर के बारौली गांव में रविवार रात आई तेज आंधी के बाद गिरे हुए मकान के मलबे का निरीक्षण करते ग्रामीण और प्रभावित परिवार।
भुसावर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बारौली में रविवार रात्रि अचानक बदले मौसम के बीच आई तेज आंधी ने व्यापक तबाही मचा दी, जिससे पूरे गांव का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई पक्के मकान धराशाई हो गए और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज हवाओं के चलते अतर सिंह पुत्र सोहनलाल (जाटव), रामरूप गुर्जर, जगदीश पुत्र सूसरिया (जाटव) तथा विशम्बर जाति माली के मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। इसके अतिरिक्त तूफानी पुत्र झम्मन जाति जाटव, भूपेंद्र पुत्र राम किशोर जाति जाटव, प्रकाश पुत्र हरचंदी जाति जाटव, कन्हैया पुत्र तेजी, बच्चू पुत्र तेजी जाति जाटव एवं बाबू जाति मीणा के घरों के टीन शेड और छप्पर उड़ गए, जिससे घरेलू सामान बिखर गया और व्यापक क्षति हुई।
आंधी के दौरान कई मकानों की दीवारें गिरने से कुछ लोग घायल हो गए, वहीं पशुओं को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में भय और अफरा-तफरी का वातावरण बना रहा। तेज आंधी के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया, वहीं पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके और स्थिति को सामान्य किया जा सके। इस प्राकृतिक आपदा ने गांव बारौली में व्यापक नुकसान के साथ जीवन की सामान्य गति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
