भुसावर: अपना घर सेवा समिति का 18वां वार्षिकोत्सव संपन्न, 16 नए सदस्यों ने ली शपथ
डॉ. बी.एम. भारद्वाज की मौजूदगी में आयोजित समारोह में वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और समाजसेवियों ने प्रभु जनों की सेवा का संकल्प लिया।

भुसावर के हरिरमण मैरिज होम में आयोजित अपना घर सेवा समिति के 18वें वार्षिकोत्सव के दौरान दीप प्रज्ज्वलन करते संस्थापक डॉ. बी.एम. भारद्वाज और अन्य अतिथि।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर कस्बे में उपेक्षित, पीड़ित, शोषित, विक्षिप्त, संक्रमित, परित्यक्त, वृद्ध एवं असहाय मानव की सेवारत अपना घर सेवा समिति भुसावर का 18वां वार्षिकोत्सव समारोह 29 मार्च रविवार को देर सांयकाल हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह भव्य आयोजन कस्बे के शहरकी सड़क मार्ग स्थित हरिरमण कृषि फार्म एवं हरिरमण मैरिज होम में आयोजित किया गया, जहाँ उपस्थित अतिथियों ने भारत माता की छवि के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का आगाज किया।
अतिथियों का उद्बोधन और सेवा का संकल्प
समारोह के दौरान वक्ताओं ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "हमें अगर ईश्वर का दर्शन करना है तो अपना घर तीर्थ आश्रम बझेरा भरतपुर आकर प्रभु जनों की सेवा करें।" कार्यक्रम में मां माधुरी ब्रजवारिस सेवा सदन अपना घर भरतपुर के संस्थापक डॉ. बी.एम. भारद्वाज ने मुख्य वक्ता के रूप में अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराई। उनके साथ मुख्य अतिथि के रूप में कप्तान सिंह (सरपंच घाटरी), समारोह अध्यक्ष चेतराम मीणा (आजीवन सदस्य अपना घर संस्था बझेरा भरतपुर) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती कुसुमलता अग्रवाल (राष्ट्रीय समिति संयोजक अपना घर संस्था बझेरा भरतपुर) मौजूद रहीं।
नवीन सदस्यों का शपथ ग्रहण और सांगठनिक विवरण
डॉ. बी.एम. भारद्वाज द्वारा 18वें वार्षिकोत्सव के इस पावन अवसर पर 16 नवीन सदस्यों को दुपट्टा एवं पटाका पहनाकर सेवा पथ की शपथ दिलवाई गई। अपना घर सेवा समिति शाखा भुसावर के अध्यक्ष राजकुमार बंसल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। मंच का कुशल संचालन अशोक भारती द्वारा किया गया, जबकि सचिव शेर सिंह सैनी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और वित्त सचिव अरविंद बंसल ने आय-व्यय का पूरा ब्योरा सदन के सामने रखा। इस अवसर पर अग्रवाल समाज भुसावर के अध्यक्ष एवं प्रमुख अचार व्यवसायी श्री विजय कुमार गुप्ता, शिवराम गुर्जर (समाजसेवी झालाटाला), अनीता राजौरिया, मनीराम धाकड़ (क्षेत्रीय अध्यक्ष) सहित समस्त समिति सदस्यों ने सक्रिय नेतृत्व किया।
समारोह का समापन और गणमान्य जनों की उपस्थिति
18वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का विधिवत समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक सहभोज के साथ किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से पधारे हुए सदस्य, महिलाएँ और बच्चे सम्मिलित हुए। इस अवसर पर राजेंद्र मित्तल, रघुनाथ पचेरा, सीमा लवली, बृजलाल सैनी, सोमप्रकाश शर्मा, सुभाष चन्द सिंघल, वैध वीरेन्द्र कुमार पाण्डेय, कृष्ण कुमार अग्रवाल आदि सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह इकाई मां माधुरी ब्रज वारिस सेवा सदन बझेरा भरतपुर से सम्बद्ध होकर निरंतर असहायों की सेवा में समर्पित है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
