भुसावर में मुनि युधिष्ठिर सागर के सानिध्य में आदिनाथ जन्म कल्याणक आयोजित
दिगंबर जैन मंदिर में महामस्तकाभिषेक और 2304 दीपों के साथ भक्तामर अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पालकी यात्रा निकाली।

भुसावर के मुख्य मार्गों से निकाली गई भगवान आदिनाथ की भव्य पालकी यात्रा में भक्ति भाव के साथ शामिल होते जैन समाज के श्रद्धालु।
भुसावर। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर पर मुनि युधिष्ठिर सागर के सानिध्य में आज गुरुवार को भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव एवं महामस्ताकभिषेक महोत्सव विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ (ऋषभदेव) की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य पालकी यात्रा का आयोजन
इस विशेष अवसर पर सुबह से ही जैन मंदिर में अभिषेक, भक्तांबर पाठ और भव्य पालकी व शोभा यात्रा निकाली गईं। श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान की स्तुति कर रहे हैं। मंदिर परिसर पर सुबह से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रमों का आगाज देर शाम तक अनवरत जारी रहा। इस दिन भगवान आदिनाथ की प्रतिमा को पालकी में सवार कर कलश यात्रा कस्बा के मुख्य मार्गों से होकर निकाली गई।
महामस्ताकभिषेक एवं 2304 दीपों से भक्तामर अनुष्ठान
महोत्सव के दौरान महामस्ताकभिषेक के साथ श्री भक्तामर अनुष्ठान का विशेष आयोजन हुआ। जयपुर के श्री 108 विद्यासागर यात्रा संघ द्वारा 48 मण्डलों पर 2304 दीपों एवं ऋद्धि मंत्रों के साथ भक्तिमय प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा मंदिर परिसर में भजन और प्रवचन आदि कार्यक्रमों का भी सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
गणमान्य जनों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति
इस मांगलिक मौके पर मंदिर कमेटी अध्यक्ष विमल चंद जैन, अनूप चंद जैन, खेम चंद जैन, अशोक सेवक, राजेश जैन, शेखर जैन, जितेंद्र जैन, राकेश जैन, शैलेश, उषा जैन, अंजू, सीमा और लवली आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। समस्त उपस्थित समाजजन ने भक्ति भाव के साथ महोत्सव का आनंद लिया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
