भरतपुर: भुसावर में पानी की किल्लत पर फूटा गुस्सा, पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन
भुसावर के बरपाड़ा और कानूनगों मोहल्ला में महीने भर से जलापूर्ति ठप होने पर आक्रोशित लोगों ने नयागांव रोड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर नारेबाजी की।

भरतपुर के भुसावर कस्बे में सोमवार सुबह पेयजल किल्लत से नाराज कानूनगों मोहल्ला और बरपाड़ा कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने नयागांव सड़क मार्ग स्थित जलदाय विभाग की पानी की टंकी पर चढ़कर प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर कस्बे में पेयजल संकट को लेकर बड़ा विरोध देखने को मिला। कानूनगों मोहल्ला और बरपाड़ा कॉलोनी के महिला एवं पुरुषों ने पेयजल किल्लत से त्रस्त होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नयागांव सड़क मार्ग स्थित कुण्डा जलाशय पर जलदाय विभाग द्वारा बनी आकाशीय पानी की टंकी पर चढ़कर जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बरपाड़ा कॉलोनी और कानूनगों मोहल्ला में पिछले एक महीने से पेयजल सप्लाई पूरी तरह से प्रभावित है। रविवार को शाम के समय मात्र 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हुई, जबकि पहले सुबह नियमित रूप से पेयजल सप्लाई होती थी। सोमवार को सुबह 10 बजे तक भी पानी की आपूर्ति नहीं होने पर आक्रोशित स्थानीय लोग मजबूरी में टंकी पर चढ़ गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
करीब आधे घंटे तक आकाशीय पानी की टंकी पर प्रदर्शन जारी रहा। घटना की जानकारी मिलते ही थानाधिकारी रामदयाल मीणा मय जाप्ता के मौके पर पहुंचे। साथ ही जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) रवि गुर्जर भी स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे महिला-पुरुषों को समझाइश देकर शांत किया, जिसके बाद सभी लोग टंकी से नीचे उतर आए।
थानाधिकारी रामदयाल मीणा और जेईएन रवि गुर्जर ने कॉलोनी वासियों को आश्वासन दिया कि उनकी पेयजल समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट से राहत मिल सके।
यह घटना भुसावर में लगातार बढ़ती पेयजल समस्या और स्थानीय जन आक्रोश को स्पष्ट रूप से उजागर करती है, जिसने प्रशासनिक तंत्र की त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
