भुसावर से अपनाघर आश्रम भरतपुर के लिए रवाना की गई 32 क्विंटल खाद्य सामग्री
अपनाघर सेवा समिति भुसावर के तत्वावधान में दानदाताओं के सहयोग से एकत्रित 65 कट्टा गेहूं और नमक असहायों की मदद के लिए भेजा गया।

भरतपुर के अपनाघर आश्रम के लिए खाद्य सामग्री से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सत्येन्द्र कुमार सिंघल, राजकुमार बंसल, शेर सिंह सैनी व अन्य गणमान्य नागरिक।
मानवता और सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए भरतपुर जिले की ऐतिहासिक तहसील भुसावर से अपनाघर आश्रम के लिए जनसहयोग का बड़ा कारवां शनिवार को रवाना किया गया। बेसहारा, लावारिस, दिव्यांग और असहाय लोगों के सहारे बने भरतपुर स्थित मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन के लिए अपनाघर सेवा समिति भुसावर के तत्वावधान में उपखंड क्षेत्र के दानदाताओं के सहयोग से हजारों किलोग्राम खाद्य सामग्री एकत्रित कर भेजी गई।
छोकरवाड़ा सड़क मार्ग स्थित गणेश नगर नई अनाज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सेवा और संवेदना का भावुक दृश्य देखने को मिला। अपनाघर सेवा समिति भुसावर के अध्यक्ष राजकुमार बंसल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भरतपुर अपनाघर आश्रम उन दीन-दुखियों, दिव्यांगों और असहाय लोगों का आशियाना है, जिनका इस दुनिया में कोई सहारा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनीत कार्यों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करना चाहिए, क्योंकि नर सेवा ही नारायण सेवा है।
समिति की ओर से यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सामग्री भेजी गई कि आश्रम में रह रहे किसी भी जरूरतमंद को भोजन की कमी का सामना न करना पड़े। इस सेवा अभियान के तहत 65 कट्टों में भरा 32 क्विंटल 50 किलोग्राम गेहूं और एक कट्टा नमक वाहन के माध्यम से भरतपुर के लिए रवाना किया गया।
खाद्य सामग्री से भरे वाहन को सत्येन्द्र कुमार सिंघल (कानूनगो) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपनाघर सेवा समिति भुसावर के अध्यक्ष राजकुमार बंसल, सचिव शेर सिंह सैनी, वित्त सचिव अरविन्द कुमार बंसल, अशोक सेवक, विष्णु सैन, दलवीर चौधरी, राजेश गोयल, श्रीकिशन, गोविन्द और चन्द्रराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं अनाज मंडी के व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से अपनाघर आश्रम में भर्ती असहायों की निरंतर सेवा करने का संकल्प लिया। भुसावर से भरतपुर भेजी गई यह सहायता न केवल जरूरतमंदों के लिए सहारा बनी, बल्कि समाज में एकजुटता, परोपकार और मानव सेवा की भावना को भी मजबूत करने वाली पहल साबित हुई।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
