77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति में रंगा भुसावर, 100 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
भुसावर में 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। ठाकुर गणेश जी मंदिर से निकली 100 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा में विधायक बहादुर सिंह कोली सहित जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे और नागरिक शामिल हुए। भारत माता की जय के नारों के बीच यात्रा ने एकता, संविधान सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भुसावर कस्बा और उपखंड क्षेत्र देशभक्ति के उल्लास में सराबोर नजर आया। सोमवार, 26 जनवरी को सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय वातावरण में उत्साहपूर्वक मनाया गया। तिरंगे की शान, देशभक्ति गीतों की गूंज और नागरिकों की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
कस्बे के छोंकरवाड़ा सड़क मार्ग स्थित ठाकुर गणेश जी मंदिर प्रांगण में समस्त कस्बेवासियों के सहयोग से ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात 100 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा ठाकुर गणेश जी मंदिर से प्रारंभ होकर सपाट, बस स्टैंड, हिंडौन सड़क मार्ग, पहाड़िया मोहल्ला, कुंडा सड़क मार्ग, मुण्डायारा चौराहा और राजामंडी सहित विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई निकाली गई। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयकारों से वातावरण गूंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर वैर-भुसावर विधायक बहादुर सिंह कोली की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ नगर पालिका भुसावर के पूर्व उपाध्यक्ष पुष्कर पाण्डेय, भाजपा शहर अध्यक्ष धीरज पाण्डेय, पार्षद रणजीत सैन, पार्षद रामस्वरूप सैनी (बंटी भगत), पार्षद चिरमोली राम जाटव, मनोनीत पार्षद हुकम सिंह सैनी सहित ठाकुर गणेश जी मंदिर कमेटी के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कस्बेवासी मौजूद रहे।
डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों की धुन पर स्कूली बच्चों और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए पैदल यात्रा और बाइक रैली के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और संविधान के सम्मान का संदेश दिया। यात्रा के माध्यम से युवाओं को एकजुट करने, नशामुक्त समाज, सुरक्षित भारत और राष्ट्रीय भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया गया, साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान कस्बे में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और दूर-दराज क्षेत्रों से आए देशभक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत थानाधिकारी रामदयाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ यात्रा में शामिल रहे और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी बनाए रखी।
तिरंगा यात्रा का समापन ठाकुर गणेश जी की आरती के साथ हुआ, जिसके बाद प्रसादी वितरण किया गया। पूरे आयोजन ने न केवल गणतंत्र दिवस की गरिमा को रेखांकित किया, बल्कि भुसावर क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
