भुसावर: केली का नगला के पहाड़ में अवैध खनन का भंडाफोड़, बिना नंबरी जेसीबी समेत चालक गिरफ्तार
भुसावर के खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने सुआ गांव के पास केली का नगला पहाड़ में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई की है। एएसआई भूरी सिंह मीणा की टीम ने बिना नंबरी जेसीबी जब्त कर चालक समुन्द्र सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख।

भुसावर (भरतपुर)। क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने नए साल के पहले ही दिन एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खेड़ली मोड़ थाना इलाके के सुआ गांव के पास केली का नगला के पहाड़ों में अवैध रूप से सीना चीर रही एक बिना नंबरी जेसीबी को पुलिस ने घेराबंदी कर जब्त कर लिया। इस दौरान मौके से भागने की कोशिश कर रहे चालक को भी पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दबोच लिया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस पर एक कड़ा प्रहार मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेड़ली मोड़ थानाधिकारी राजेश कसाना के निर्देशन में एएसआई भूरी सिंह मीणा मय जाब्ते के साथ शुक्रवार, 1 जनवरी 2026 को लोकल एक्ट की कार्रवाई और गश्त के लिए थाने से रवाना हुए थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि गांव सुआ के समीप केली का नगला स्थित पहाड़ में एक जेसीबी मशीन द्वारा धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए चिन्हित स्थान की ओर कूच किया।
जैसे ही एएसआई भूरी सिंह मीणा, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कमलेश मीणा, कांस्टेबल गोपाल सिंह और चालक पप्पा सिंह की टीम मौके पर पहुंची, वहां अवैध खनन का नजारा साफ दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ियों की आहट सुनते ही जेसीबी चालक ने मशीन को छोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में चालक की पहचान खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र के ही गांव अलीपुर निवासी 25 वर्षीय समुन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद गुर्जर के रूप में हुई है।
थानाधिकारी राजेश कसाना ने बताया कि पुलिस ने बिना नंबर की जेसीबी को तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया और उसे खेड़ली मोड़ थाने लाया गया। आरोपी चालक समुन्द्र सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध खनन के पीछे और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं। इस कार्रवाई से इलाके के खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की इस सतर्कता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्राकृतिक संपदा का अवैध दोहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
