भुसावर में मां ज्वाला देवी का विशाल जागरण, गायक कृष्णा गुर्जर देंगे प्रस्तुति
भरतपुर के भुसावर में 1 अप्रैल को राधा रानी रिसोर्ट में आयोजित होगा भव्य जागरण, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता प्रकाश जाटव ने दी तैयारियों की जानकारी।

सावर (भरतपुर): राजस्थान के ऐतिहासिक कस्बे भुसावर में आगामी 1 अप्रैल, बुधवार को मां ज्वाला देवी का भव्य एवं विशाल भगवती जागरण अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान की व्यापक तैयारियों में मां के अनन्य भक्त और 'लांगुरिया' पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं, जहाँ कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को लेकर समूचे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह व्याप्त है।
ज्वाला मां भक्त मंडल एवं आयोजन समिति की सदस्य व प्रतिनिधि नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता प्रकाश जाटव ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कस्बे के दीवली सड़क मार्ग पर स्थित राधा रानी रिसोर्ट में आयोजित होने वाले इस जागरण का शुभारंभ रात्रि 9 बजकर 15 मिनट पर होगा। इस भव्य भजन संध्या में शिव साउंड खेड़ली की मधुर ध्वनि के समन्वय के साथ वीरेंद्र, दीपक और अज्जू का म्यूजिकल ग्रुप अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय लोक गायक कृष्णा गुर्जर एंड पार्टी होंगे, जो अपनी सुरीली आवाज में मां ज्वाला देवी की महिमा का गुणगान कर उन्हें रिझाएंगे।
इसी क्रम में कृष्णा गुर्जर ग्रुप की प्रसिद्ध महिला गायिका करिश्मा मथुरा और सोना राजस्थानी भी भजनों की विशेष प्रस्तुति देंगी। इन कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां उपस्थित सैकड़ों श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर उन्हें नृत्य करने पर विवश कर देंगी। भक्ति के इस संगम में राधेश्याम द्वारा भव्य झांकियां भी सजाई जाएंगी, जिनमें मुख्य रूप से राधा-कृष्ण, हनुमान जी, शिव-पार्वती और सुदामा चरित्र के सजीव दर्शन होंगे। सनातन धर्म प्रेमी और श्रद्धालु मां ज्वाला देवी के दरबार में अपनी हाजिरी लगाकर मनोकामनाएं मांगेंगे। इस विशाल रात्रि जागरण का विधिवत समापन भव्य महाआरती और उसके पश्चात प्रसादी वितरण के साथ संपन्न होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
