भरतपुर। राजस्थान की सीनियर क्रिकेट टीम में तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन इतिहासिक रूप से हुआ है। बीसीसीआई द्वारा 26 नवंबर से अहमदाबाद, गुजरात में ग्रुप बी में आयोजित होने वाली सैयद मुश्ताक अली T-20 ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 17 सदस्यीय टीम की घोषणा करते हुए भरतपुर जिले के तीन प्रतिभाशाली क्रिकेटरों — राइट आर्म लेग स्पिनर राहुल चाहर, राइट हैंड मिडिल ऑर्डर बैट्समैन कार्तिक शर्मा और लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर आकाश सिंह — का चयन किया गया।

जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के सचिव शत्रुधन तिवारी ने बताया कि यह पहली बार है जब भरतपुर से एक साथ तीन खिलाड़ियों का चयन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हुआ है। राजस्थान टीम का पहला मैच 26 नवंबर को तमिलनाडू के खिलाफ नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। ग्रुप बी में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें तमिलनाडू, कर्नाटक, उत्तराखंड, दिल्ली, झारखंड, त्रिपुरा और सौराष्ट्र शामिल हैं। यह टूर्नामेंट 8 दिसंबर तक चलेगा।

कार्तिक शर्मा ने पहले भी रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली T-20 ट्रॉफी में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया है और उन्होंने एनसीए प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। आकाश सिंह पिछले चार वर्षों से आईपीएल में विभिन्न टीमों के साथ खेल रहे हैं और उन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी व सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हाल ही में उन्होंने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से भी प्रोफेशनल प्लेयर के रूप में खेला। वहीं, राहुल चाहर भारतीय क्रिकेट टीम के स्थाई सदस्य हैं और उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। पिछले साल कार्तिक शर्मा ने राजस्थान के लिए पूरे सीजन में 1770 रन बनाए थे, जबकि आकाश सिंह का बड़ौदा टीम के लिए प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा।

राहुल चाहर, आकाश सिंह और कार्तिक शर्मा के चयन की खुशी में जिला क्रिकेट संघ भरतपुर कार्यालय में मिठाई बांटी गई और सभी पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर हर्ष व्यक्त किया तथा उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु लोहिया, उपाध्यक्ष राजकुमार जैन, अजय कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी और वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चिनिया सहित भारी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story