भरतपुर, 21 दिसंबर। जिले के युवा लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर आकाश सिंह को आगामी विजय हज़ारे ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय सीनियर क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 24 दिसंबर से 8 जनवरी तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी, जिसमें राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, झारखंड, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पुडुचेरी की टीमें भाग लेंगी।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुधन तिवारी ने बताया कि आकाश सिंह का चयन उनके पिछले प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली टी-20 प्रतियोगिता और राज्य स्तर की घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। आकाश पहले भी रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में खेल चुके हैं और पिछले चार वर्षों से आईपीएल की विभिन्न टीमों का हिस्सा भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे लखनऊ जॉइंट्स के सदस्य हैं, जिन्होंने उन्हें बेस प्राइस 30 लाख रुपए में खरीदा है।

आकाश के चयन की खुशी में जिला क्रिकेट संघ भरतपुर कार्यालय में मिठाई वितरण किया गया और पदाधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजकुमार जैन व अजय कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता व भारत कुमार, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी सहित सदस्यगण नाहर सिंह, वीनू सिंह, त्रिलोकनाथ शर्मा, डॉ. वीरेंद्र पचौरी, पावन कौनते, उत्तम शर्मा, अमित सिंह, गिरीश शर्मा, विशाल तिवारी, प्रेम गुर्जर, अवदेश खटाना, देवेंद्र सिंह कालू, रूपेन्द्र मोहन, गौरव फ़ौज़दार, रविन्द्र कैमारिया, राहुल लोहिया, जितेंद्र गुर्जर, टीटू वकील, ज्ञानू जघीना, कप्तान मीना योगेन्द्र सिंह और चयनकर्ता सूरज शर्मा, नरेश खत्री, लंकेश सियाराम, प्रेम सिंह, पंकज गोयल उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चीनिया और कई खिलाड़ी व खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।

राजस्थान की टीम में आकाश सिंह के चयन से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। उनके अनुभव और आईपीएल में खेलते हुए मिली सीख टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। यह चयन न केवल आकाश के करियर के लिए बल्कि भरतपुर जिले के क्रिकेट के लिए भी गर्व का क्षण है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story