भरतपुर में भाजपा ने मनाया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, अरुण सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भरतपुर में भाजपा ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। अरुण सिंह ने विभाजन, तिरंगा अभियान और कांग्रेस की नीतियों पर विचार रखे, जबकि जवाहर सिंह बेढम ने देश की मजबूती का आह्वान किया।

तस्वीर में भरतपुर के महात्मा गांधी वेटरनरी कॉलेज में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठे अतिथि और पोडियम से भाषण देते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह नजर आ रहे हैं।
भरतपुर में 14 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी ने महात्मा गांधी वेटरनरी कॉलेज में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाकर 14 अगस्त 1947 को हुए भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान मारे गए और विस्थापित हुए लोगों को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह रहे। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, जिला संगठन प्रभारी नरेश बंसल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भानू प्रताप राजावत, पूर्व सांसद रंजीता कोली एवं रामस्वरूप कोली, पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र गोयल एवं मनोज भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत से पहले भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए।
राष्ट्रीय महामंत्री एवं मुख्य वक्ता अरुण सिंह ने तिरंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान का पहली बार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2020 में आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराना चाहिए। तिरंगा झंडा देश की अखंडता एवं अस्मिता का प्रतीक है।
अरुण सिंह ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को तत्कालीन शासकों की सत्ता लोलुप राजनीति के कारण न केवल अखंड भारत के दो टुकड़े हुए, बल्कि उस समय हुई मारकाट, नरसंहार और महिलाओं के साथ हुए अत्याचार ने मानवता को कलंकित करने का घृणित कार्य किया। उस काल में काल-कवलित हुए नागरिकों को स्मरण करने तथा सत्ता लोलुप पार्टियों और नेताओं का बहिष्कार करने के एवज में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस नरसंहार में 10 लाख लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई तथा 1.5 करोड़ लोग विस्थापित होने को मजबूर हो गए। इस घटनाक्रम में किसी ने अपने पिता को खोया, किसी ने अपनी मां को और किसी ने अपने बच्चों को खोया। उन्होंने कहा कि भारत-पाक बंटवारे के समय जैसी भयावह स्थिति विश्व में कहीं नहीं हुई। यह सब कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण नीति का प्रभाव था। कांग्रेस ने हमेशा देश के विरोध में समझौते किए। वर्ष 1975 में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र की हत्या भी कांग्रेस सरकार की देन थी।
देश की वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुलामी से मुक्ति दिलाने का काम किया है। भारत में विदेशी गाने नहीं बजेंगे, भारत में केवल भारतीय गाने बजेंगे। उन्होंने कहा कि नौसेना के झंडे को भी गुलामी से मुक्त कर दिया गया है, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज का शौर्य लगाया गया है।
राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने जवाहर नगर स्थित शहीद कुमार सिंह वीर चक्र को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता निरोत्तम लाल गोयल के घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी।
अरुण सिंह ने कहा कि आइए हम सब मिलकर संकल्प लें कि हमें भारत के लिए और भारत के मान-सम्मान के लिए निरंतर कार्य करना है। भारत के इतिहास को जानने के लिए हमें वर्तमान को याद रखना होगा।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण देश का बंटवारा हुआ है, जिसका दंश आज पूरा देश झेल रहा है। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए और देश को विकसित देशों की श्रेणी में रखने के लिए मजबूती से कार्य करना होगा। तभी हमारा देश विश्व में डंका बजा सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने सभी आगंतुकों को धन्यवाद प्रेषित किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम के संयोजक जगत सिंह गुर्जर ने किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मसिंह चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येन्द्र गोयल एवं मनोज भारद्वाज, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. वीरेन्द्र पचौरी, कार्यक्रम सह संयोजक कुशलपाल सिंह राजावत उर्फ बिट्टू राजावत एवं आकाश हथैनी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरधारी गुप्ता, जिला महामंत्री भगवानदास शर्मा एवं गोविन्द चौधरी, जिला उपाध्यक्ष बृजेश अग्रवाल, श्यामसुन्दर गौड़, रज्जन सिंह, गौरव सरपंच, पूर्व जिला प्रमुख राजवीर सिंह, रूपेन्द्र सिंह, कविता गोयल, दिनेश पचैरी, सुनील सहनावली, मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा, जीतेन्द्र फौजदार, प्रकाश भोलू सुनारी, चन्द्रवीर जघीना, मोहित चतुर्वेदी, आकाश हथैनी, दीपू पण्डित, अन्नू फौजदार, अनामिका चौधरी, योगा सहनावली, कपिल खौकर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
