भरतपुर में पांच दिवसीय श्री श्याम फाग महोत्सव का आयोजन, प्रेस वार्ता में हुई घोषणा
श्री श्याम बाबा संकीर्तन समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में निशान यात्रा, भजन संध्या और 56 भोग जैसे कार्यक्रमों के साथ भव्य नगर भ्रमण किया जाएगा।

भरतपुर के गांधी पार्क स्थित मंदिर में पांच दिवसीय फाग महोत्सव की जानकारी देते श्री श्याम बाबा संकीर्तन समिति के संरक्षक बृजेश अग्रवाल और अन्य सदस्य।
भरतपुर, 24 फरवरी। कलियुग के अवतार दानी श्री श्याम बाबा का प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पंच दिवसीय फाग महोत्सव मनाया जा रहा है। यह कार्यक्रम श्री श्याम बाबा संकीर्तन समिति एवं आदर्श उज्ज्वल भविष्य संस्था के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता एवं कार्यक्रम की घोषणा
पंच दिवसीय कार्यक्रम को लेकर मन्दिर प्रांगण में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संकीर्तन समिति के संरक्षक बृजेश अग्रवाल ने सम्बोधित किया। उन्होंने बताया कि:
- "पंच दिवसीय कार्यक्रम की शुरूआत 25 फरवरी बुधवार से की जा रही है।"
- फाग महोत्सव कार्यक्रम के पहले दिन हल्दी और मेंहदी का कार्यक्रम प्रातः 11.00 बजे से आयोजित होगा।
- तत्पश्चात् दोपहर 12.00 बजे से महिला श्याम भक्तों द्वारा महिला संगीत आयोजित किया जायेगा।
भव्य नगर भ्रमण और निशान यात्रा
फाग महोत्सव कार्यक्रम के दूसरे दिन 26 फरवरी गुरूवार को श्याम बाबा नगरवासियों का हाल-चाल जानने नगर भ्रमण पर निकलेंगें। इस बार नगर भ्रमण सूरजगढ के निशान के साथ किया जायेगा, जो कि अपने आप में अद्भुत है।
- नगर भ्रमण यात्रा का झण्डारोहण पुलिस महानिरीक्षक कैलाश विश्नोई द्वारा तथा निशान यात्रा पूजन पूर्व चेयरमेन नगर पालिका कुम्हेर कुसुम अग्रवाल के कर कमलों द्वारा किया जायेगा।
- बाबा की भव्य शोभा यात्रा प्रातः 10.00 बजे से बिजलीघर स्थित कला मन्दिर विद्यालय से प्रारम्भ होगी।
- यात्रा का मार्ग: बिजलीघर, मथुरा गेट, चोबुर्जा, लक्ष्मण मन्दिर, कोतवाली और वासन गेट होते हुए श्याम बाबा मन्दिर गांधी पार्क पर सम्पन्न होगी।
भजन संध्या: "होली की एक शाम मेरे सामरे के नाम"
कार्यक्रम के तीसरे दिन 27 फरवरी शुक्रवार को आमल की एकादशी पर विशेष भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
- मुख्य कलाकार: प्रसिद्ध भजन गायिका दीदी अर्चना वावडी (अमृतसर, पंजाब)।
- अन्य कलाकार: हिसार हरियाणा से विक्की संधू, आरडी संधू और अमर संधू अपनी गायकी कला का प्रदर्शन करेंगें।
- विशेष आकर्षण: अनेकों प्रकार की झांकिया, बाबा का श्रृंगार, भव्य दरबार, 56 भोग, पुष्प और इत्र वर्षा तथा पावन अखण्ड ज्योति।
"हम सभी भरतपुर वासी श्याम भक्तों को संगीत की त्रिवेणी में डुबकी लगाने हेतु आमंत्रित करते हैं।"
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट जन
| मुख्य अतिथि: | पुलिस अधीक्षक नागौर, मृदुल कच्छावा |
| अध्यक्षता: | अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन, घनश्याम शर्मा |
| दीप प्रज्ज्वलन: | सहायक पुलिस अधीक्षक वृत्त शहर भरतपुर, पंकज यादव |
| विशिष्ठ अतिथि: | अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर, राहुल सैनी |
| मुख्य पूजन: | नगर निगम आयुक्त, श्रवण कुमार विश्नोई |
मन्नत की अर्जी और समापन
कार्यक्रम के चौथे दिन 28 फरवरी शनिवार को प्रातः 08.00 बजे बाबा के दरबार में सभी श्याम प्रेमियों की मन्नत पूरी करने हेतु अर्जी लगाई जायेगी।
फाग महोत्सव कार्यक्रम के अन्तिम दिन रविवार को सायं 07.30 बजे बाबा के दरबार में महाआरती के आयोजन के साथ ही पंचदिवसीय फाग महोत्सव कार्यक्रम का समापन हो जायेगा। सभी कार्यक्रम श्री प्राचीन हनुमान मन्दिर एवं दानी श्री श्याम बाबा मन्दिर गांधी पार्क पर आयोजित किये जायेंगें।
उपस्थित गणमान्य भक्त
प्रेसवार्ता में राजू गुप्ता, मोहन सिंह चाहर, रविन्द्र गोयल, मन्नू गोयल, नीरज गोयल, अमित मदान, जयप्रकाश गोयल, वी आर सैन, विनोद खन्ना, जलज बंसल, विजय सिंघल, तरूण गोपालिया, मयूर शर्मा आदि श्याम भक्त उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
