भरतपुर: शनि जयंती पर भुसावर के मंदिरों में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
शनि जयंती पर 300 साल बाद दुर्लभ शुभ योगों का संयोग बन रहा है, जिसे लेकर भुसावर क्षेत्र के शनि मंदिरों में अभिषेक और भजन-कीर्तन की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं।

भरतपुर के भुसावर में शनि जयंती महोत्सव की तैयारियों के बीच मंदिर में विराजित भगवान शनिदेव की प्रतिमा, जहाँ श्रद्धालु तेल अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
भरतपुर जिले के भुसावर सहित उपखंड क्षेत्र के शनि मंदिरों में ज्येष्ठ मास की कृष्ण पक्ष अमावस्या पर मनाई जाने वाली शनि जयंती इस बार 16 मई 2026 शनिवार को श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस बार शनि जयंती पर 300 साल बाद दुर्लभ शुभ योगों का संयोग बनने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वहीं 13 साल बाद शनि जयंती शनिवार के दिन पड़ने को भी अत्यंत शुभ और फलदायी माना जा रहा है।
भुसावर के हिण्डोन सड़क मार्ग स्थित कोठी वाले हनुमानजी मंदिर, नयागांव सड़क मार्ग स्थित कुण्डा जलाशय के पास हनुमान शनिदेव मंदिर तथा आर्य महिला विद्यापीठ के पास गुरुकुल कॉलोनी स्थित शनिदेव मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिरों में श्रद्धालु भगवान शनिदेव की प्रतिमा का मंत्रोच्चारण के साथ सरसों के तेल से अभिषेक करेंगे। इसके बाद नई पोशाक धारण कराकर फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी तथा शनि चालीसा का पाठ किया जाएगा।
मंदिर परिसर में महिला भक्त मंडल द्वारा ढोलक, झांझ और मजीरा की थाप पर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जाएंगे। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। धार्मिक आयोजनों को लेकर मंदिर समितियों और श्रद्धालुओं द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पंडित राघवेन्द्र शर्मा, सुदामा पचौरी और पुष्पेन्द्र मिश्र ने बताया कि शनिदेव सूर्य के पुत्र हैं तथा उन्हें न्याय के देवता और कर्मफल दाता माना जाता है। मान्यता है कि शनिदेव व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल प्रदान करते हैं, इसी कारण उन्हें न्यायाधिपति ग्रह कहा जाता है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 16 मई शनिवार को पड़ रही शनि जयंती पर शश महापुरुष योग, राजयोग, गजकेसरी योग, बुधादित्य योग और सौभाग्य नामक शुभ योग बन रहे हैं। ज्योतिषीय दृष्टि से इन योगों का एक साथ बनना अत्यंत दुर्लभ और शुभ फलदायी माना जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस विशेष संयोग में शनिदेव की पूजा-अर्चना करने से भक्तों को विशेष पुण्य फल और कष्टों से मुक्ति मिलने की मान्यता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
