भरतपुर में सर्व समाज महासभा की ओर से राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, मॉडल स्कूल पाई बाग क्षेत्र में कक्षा 1 से 8वीं तक अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मी नारायण गुप्ता एवं गिरधारी खंडेलवाल के संयोजन में तथा सर्व समाज महासभा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश आजाद, हरेंद्र शर्मा, हरभान सिंह एवं हरि सिंह सिनसिनवार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव शर्मा, अध्यापिका रत्ना सिंघल एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। इस दौरान ओमप्रकाश आजाद ने स्कूल प्रांगण में पीपल और बेलपत्र के पौधे लगाए।

जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल ने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में छोटी-सी सहायता भी उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सर्व समाज महासभा हमेशा शिक्षा, सेवा और समाजहित के ऐसे कार्य निरंतर करती रहती है।

कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाना है। बच्चों के चेहरे पर आई खुशी ही इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी सफलता है।

कार्यक्रम के दौरान गिरधारी खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई कि वे अपने विद्यालय एवं अपने घर के आसपास हमेशा साफ-सफाई रखेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और उनकी देखभाल करेंगे।

विद्यालय में कई ऐसे विद्यार्थी थे, जो पहले स्कूल बैग के अभाव में पॉलिथीन में अपनी किताब-कॉपियां लेकर विद्यालय आते थे। स्कूल बैग मिलने पर सभी बच्चे बेहद खुश नजर आए। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा सामग्री के साथ विद्यालय में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Mukesh Kumar, Bharatpur

Mukesh Kumar, Bharatpur

मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।

Next Story