भरतपुर में सीवर प्रणाली की स्वच्छता और बेहतर रख-रखाव को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। आर.यू.आई.डी.पी. चतुर्थ चरण के तहत शहर में लोगों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जनजागरुकता एवं जनसहभागिता इकाई (कैप) द्वारा शास्त्री नगर आंगनवाड़ी केन्द्र पर महिला समूह के साथ सीवरेज जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भरतपुर 29 जुलाई को आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन राजुल कुमार, अधिशाषी अभियन्ता के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में सोशल एक्सपर्ट मनीष कटारा ने उपस्थित महिला समूह के सदस्यों को बताया कि सीवरेज प्रणाली की सफलता के लिए आमजन की सहभागिता बेहद आवश्यक है।

उन्होंने भरतपुर शहर में आरयूआईडीपी द्वारा सम्पादित किए जा रहे सीवरेज परियोजना कार्यों की जानकारी देते हुए इसके लाभ और सही रख-रखाव के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि जल्द ही घरों को सीवरेज प्रणाली से जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

सोशल एक्सपर्ट मनीष कटारा ने कहा कि सीवरेज प्रणाली तभी सफल होगी, जब सभी लोग मिलकर इसके रख-रखाव में सावधानी बरतेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का कचरा, पॉलिथिन, गोबर आदि सीवर लाइन में नहीं डालें।

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि सीवर कनेक्शन बरसाती पानी या कचरे के निस्तारण के लिए नहीं है। सीवर कनेक्शन से घर की रसोई, बॉथरुम और टॉयलेट को जोड़ा जाएगा, जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों में जमा नहीं होगा और सड़कों पर जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही बताया गया कि सीवर कनेक्शन के समय घर में बने सैप्टिक टैंक को भी बायपास किया जाएगा, जिससे भूमिगत जल स्त्रोत को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा। ए.एस.डी. सुरेन्द्रपाल ने बताया कि वितरित किए गए पम्पलेट्स पर अंकित टोल फ्री नम्बर पर सीवरेज कार्य से संबंधित शिकायत और सुझाव दिए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सीवरेज प्रणाली की सफलता लोगों की जागरुकता और सहयोग पर निर्भर है। सीवरेज व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। वहीं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सविता ने सीवरेज जागरुकता कार्यक्रम को जानकारीपरक बताते हुए इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story