भरतपुर, शहर को संक्रमण मुक्त बनाने और नागरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आरयूआईडीपी, भरतपुर की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई (कैप) द्वारा एक महत्वपूर्ण विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में आनंद नगर स्थित एल.एस. सी.सै. स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को भरतपुर शहर में संचालित सीवरेज परियोजना की बारीकियों, इसके दूरगामी लाभों और रखरखाव की अनिवार्यताओं से सीधे संवाद के माध्यम से अवगत कराया गया।

परियोजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सोशल एक्सपर्ट मनीष कटारा ने 'मल-जल का हो सही उपचार, तभी बनेगा स्वच्छ समाज' के प्रेरक उद्घोष के साथ विद्यार्थियों के विशाल समूह को संबोधित किया। उन्होंने विस्तार से बताया कि नालियों में बहने वाली गंदगी ही अनेक गंभीर बीमारियों और संक्रमणों का मुख्य स्रोत है, जिसका एकमात्र स्थाई समाधान वैज्ञानिक सीवरेज प्रबंधन ही है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सीवरेज प्रणाली की सफलता पूर्णतः जन-भागीदारी और जागरूकता पर टिकी है। श्री कटारा ने तकनीकी सुझाव देते हुए कहा कि सीवर लाइन को अवरुद्ध होने से बचाने के लिए निकासी पाइपों पर जाली लगाना अनिवार्य है। साथ ही, रसोई और बाथरूम के कचरे को डस्टबिन में डालकर कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपना चाहिए। उन्होंने पशुपालकों से विशेष अपील की कि वे गोबर को किसी भी स्थिति में सीवर लाइन में न जाने दें, क्योंकि यह लाइन चोक होने का सबसे बड़ा कारण बनता है।

संवाद के दौरान यह भी रेखांकित किया गया कि सीवर के दूषित जल और मल का एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) द्वारा सुरक्षित निस्तारण करने के पश्चात प्राप्त उपचारित जल को कृषि, बागवानी और सिंचाई जैसे कार्यों में पुनः उपयोग में लाया जा सकता है, जो जल संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं को सीवरेज प्रणाली के प्रति जागरूक करने हेतु सूचनात्मक पम्पलेट्स वितरित किए गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक बृजकिशोर बघेल ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया और इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी व जानकारीपूर्ण बताते हुए आभार व्यक्त किया। इस जागरूकता अभियान के दौरान विद्यालय स्टाफ के अतिरिक्त एएसडी सुरेन्द्रपाल और अशोक कुन्तल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Mukesh Kumar, Bharatpur

Mukesh Kumar, Bharatpur

मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।

Next Story