भरतपुर: पुरुषोत्तम मास से पूर्व श्रद्धालुओं के लिए शुरू हुई शीतल पेयजल सेवा
हीरादास बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं के लिए मिल्क रोज और शर्बत वितरण के साथ आगामी एक माह तक पक्षियों के लिए परिंडे और शीतल जल सेवा का संकल्प लिया गया।

भरतपुर के हीरादास बस स्टैंड स्थित श्री कैलादेवी मंदिर परिसर में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में यात्रियों को मिल्क रोज और शीतल पेय पिलाते सेवादार।
पुरुषोत्तम मास के शुभारम्भ से पूर्व दिवस पर भरतपुर शहर के हीरादास बस स्टैण्ड स्थित श्री कैलादेवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए मिल्करोज एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम श्रीमती मिथिलेश गुप्ता की स्मृति में आयोजित हुआ, जिसमें करतार सिंह मदेरणा एवं मेघराज मुखिया के सानिध्य में सेवा कार्य संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर 17 मई से 15 जून तक शीतल जल सेवा प्रारम्भ करने तथा पक्षियों के लिए 21 परिंडे लगाने का संकल्प भी लिया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शीतल पेय वितरण किया गया।
पुनीत गुप्ता एवं दीपिका गुप्ता ने बताया कि 17 मई से 15 जून तक पुरुषोत्तम मास रहेगा। इस दौरान प्रदेशभर से श्रद्धालु गोवर्धन, मथुरा, डीग, वृन्दावन, कामवन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर परिक्रमा एवं दर्शन के लिए भरतपुर बस स्टैण्ड होकर गुजरते हैं। श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुरुषोत्तम मास के शुभारम्भ से पूर्व दिवस पर शहर के हीरादास स्थित दी मोटर बस ऑपरेटर यूनियन कार्यालय एवं श्री कैलादेवी मंदिर परिसर में शीतल जल सेवा प्रारम्भ करते हुए मिल्करोज एवं शर्बत का वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान 15 जून तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए शीतल जल, विश्राम एवं सुरक्षा सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोजन से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया गया।
इस परोपकारी एवं धार्मिक सेवा कार्य के लिए प्रेरणा समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता एवं समाजसेविका त्रिवेणी गुप्ता से प्राप्त हुई। पुरुषोत्तम मास से पूर्व प्रारम्भ हुई यह सेवा व्यवस्था आगामी एक माह तक हजारों श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए राहत और सुविधा का माध्यम बनेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
