तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए आरयूआईडीपी भरतपुर की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता (कैप) इकाई द्वारा एक महत्वपूर्ण विद्यार्थी जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत श्री गोकुल वर्मा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के 25 छात्र-छात्राओं ने नगला गोपाल स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शैक्षणिक भ्रमण कर इंजीनियरिंग की बारीकियों को धरातल पर समझा। भविष्य के इन इंजीनियरों ने सीवरेज परियोजना के अंतर्गत प्रगतिरत् कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर आधुनिक जल उपचार प्रणालियों का गहन अध्ययन किया।

इस भ्रमण के दौरान सहायक अभियंता अरविंद तोमर ने विद्यार्थियों को एसटीपी की कार्यप्रणाली और इसके विभिन्न तकनीकी घटकों से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने एसबीआर तकनीक की कार्यक्षमता, दूषित मल-जल उपचार की चरणबद्ध प्रक्रिया तथा उपचारित जल के सुरक्षित पुन: उपयोग की संभावनाओं पर तकनीकी प्रकाश डाला। वहीं, सोशल एक्सपर्ट मनीष कटारा ने प्रतिभागियों को आरयूआईडीपी परियोजना के व्यापक उद्देश्यों की जानकारी देते हुए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मॉनिटरिंग तकनीक 'स्काडा' (SCADA) के संचालन को संबंधित कार्मिकों की सहायता से समझाया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को सीवरेज प्रणाली के सुचारू संचालन में नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए सामाजिक सहभागिता का पाठ पढ़ाया। इस शैक्षणिक विजिट में कॉलेज के प्राध्यापक गौरव कुमार, तरुण तिवारी एवं हरिमोहन सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि एएसडी सुरेंद्रपाल और अशोक कुंतल ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह भ्रमण न केवल विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान को समृद्ध करने वाला रहा, बल्कि उन्हें भविष्य की पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम साबित हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story