भरतपुर: पथैना में कलश यात्रा के साथ भागवत कथा महोत्सव का आगाज
भुसावर उपखण्ड के पथैना गांव में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भरतपुर जिले के भुसावर उपखण्ड क्षेत्र के गांव पथैना में 21 मई से शुरू हुए श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के पहले दिन भव्य कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक नगरों में शामिल भुसावर उपखण्ड क्षेत्र के गांव पथैना में 21 मई गुरुवार से श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारम्भ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में हुआ। इस अवसर पर कथा प्रारम्भ से पूर्व गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भगवान के जयकारों और संकीर्तन के बीच भक्ति भाव में झूमती नजर आईं। यात्रा के दौरान धार्मिक वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
भागवत कथा के प्रथम दिवस पर यजमान के रूप में सेवानिवृत मंगती सिंह, किशोर सिंह वैध एवं उदल सिंह हवलदार सहित अन्य भक्त उपस्थित रहे, जिन्होंने विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना सम्पन्न करवाई।
कथा वाचन के दौरान पंडित चन्द्रमोहन आचार्य जी ने श्रीमद् भागवत कथा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला महाग्रंथ है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं तथा आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण इस आयोजन ने पथैना गांव में धार्मिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
