भरतपुर के प्रतिभावान सलामी बल्लेबाज निश्चल शर्मा ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से 14 नवंबर से लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में आयोजित होने वाली अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। निश्चल के चयन से भरतपुर के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघन तिवारी ने बताया कि निश्चल शर्मा राजस्थान टीम के पहले सुरक्षित खिलाड़ी थे। अब राजस्थान टीम के एक खिलाड़ी के अनफिट हो जाने के कारण उन्हें टीम में शामिल किया गया है। राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) की ओर से पूर्व में आयोजित अंडर-16 चैलेंजर ट्रॉफी, प्रशिक्षण शिविर और राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में निश्चल के शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राजस्थान टीम के लिए किया गया है।

तिवारी ने बताया कि राजस्थान की टीम विजय मर्चेंट ट्रॉफी में विभिन्न राज्यों की टीमों के खिलाफ पांच मुकाबले खेलेगी। फिलहाल निश्चल शर्मा का चयन शुरुआती दो मैचों के लिए किया गया है। राजस्थान का पहला मुकाबला 14 नवंबर को गोवा के विरुद्ध होगा। इसके बाद राजस्थान की टीम महाराष्ट्र, उत्तराखंड, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ की टीमों के खिलाफ भी मुकाबले खेलेगी। प्रतियोगिता के सभी मैच लखनऊ में तीन दिवसीय लीग प्रारूप में आयोजित होंगे।

निश्चल शर्मा के राजस्थान टीम में चयन की जानकारी मिलने पर जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के कार्यालय में मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की गई। इस अवसर पर दोनों खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विष्णु प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, राजकुमार जैन, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता, भारत तिवारी, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी, सदस्य नाहर सिंह, बीनू सिंह, राहुल लोहिया, रूपेन्द्र मोहन, के.के. शर्मा और रवि शर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा जिला संघ के चयनकर्ता सूरज शर्मा, नरेश खत्री, प्रेम सिंह, लंकेश सियाराम, पंकज गोयल तथा खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे। निश्चल शर्मा का राजस्थान की अंडर-16 टीम में चयन भरतपुर के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Mukesh Kumar, Bharatpur

Mukesh Kumar, Bharatpur

मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।

Next Story