भरतपुर। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए एक युवती ने डीजीपी जयपुर को भेजे पत्र में डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) में कार्यरत एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उक्त पुलिसकर्मी उसके भाई से हर महीने ‘महीनादारी’ की मांग कर रहा है और धमकी दी है कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसे एनडीपीएस या आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मुकदमों में फंसा देगा।

युवती ने अपने पत्र में बताया कि उसके भाई को एसपी ऑफिस के पास बुलाकर डीएसटी पुलिसकर्मी ने पूछताछ की और बाद में पुलिस वाहन में बैठाकर सारस चौकी ले जाया गया। वहां दूसरे पुलिसकर्मी के हवाले कर दिया गया और उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली गई। इसके बाद उसे धारा 151 में बंद कर दिया गया। युवती का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने कहा—“यह तो सिर्फ ट्रेलर है, अगर बात नहीं मानी तो 10 साल जेल में सड़ेगा।”

पीड़िता ने बताया कि पुलिसकर्मी उसके भाई को कई बार बुलाकर पूछताछ कर चुका है। इस बार दीपावली से ठीक एक दिन पहले फिर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अब तक पुलिस ने उसके खिलाफ कोई ठोस आरोप नहीं बताया है। युवती ने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच किसी निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए, ताकि एक निर्दोष युवक को झूठे मामलों में फंसने से बचाया जा सके।

युवती ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी पुलिसकर्मी की इंस्टाग्राम आईडी पर कई तस्वीरें हैं, जिनमें वह साधारण कपड़ों में हथियार लहराते हुए नजर आता है। कुछ तस्वीरों में वह कुख्यात अपराधियों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों से यह संदेह और गहरा हो गया है कि पुलिस विभाग में अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति सक्रिय है।

भरतपुर के पुलिस अधीक्षक दिगंत आनन्द ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवती ने डीएसटी कर्मचारी पर अपने भाई को डराने-धमकाने के आरोप लगाए हैं और इस संबंध में डीजीपी को शिकायत भेजी है। वहीं, आरोपित डीएसटी कर्मचारी ने भी मथुरा गेट थाने में परिवाद दर्ज कराया है, जिसमें युवती पर ही धमकाने और झूठे आरोप लगाने की बात कही गई है।

एसपी दिगंत आनन्द ने कहा कि “दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।” फिलहाल, यह मामला न केवल विभागीय आचरण पर सवाल उठाता है बल्कि पुलिस प्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता की आवश्यकता को भी एक बार फिर उजागर करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story