भरतपुर: मामूली विवाद में भतीजे ने ताऊ की गोली मारकर की हत्या
उच्चैन थाना क्षेत्र के चक सहना गांव में घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने अपने ताऊ की गोली मारकर हत्या कर दी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भरतपुर के उच्चैन थाना क्षेत्र में घटनास्थल का मुआयना करती पुलिस और मौके पर मौजूद ग्रामीण।
भरतपुर। जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र के चक सहना गांव में एक घरेलू विवाद ने बेहद खौफनाक रूप ले लिया, जहां मामूली कहासुनी के बाद एक भतीजे ने अपने ही ताऊ की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक सहना निवासी साहब सिंह मीणा और उनके भतीजे अनिल कुमार मीणा के बीच किसी घरेलू विषय को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि आरोपी अनिल कुमार ने आपा खो दिया और तमंचे से अपने ताऊ साहब सिंह के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही साहब सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और गंभीर रूप से घायल साहब सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उच्चैन ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उच्चैन सर्किल अधिकारी सुरेश कुड़ी और थाना प्रभारी अवतार सिंह मय पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घटनास्थल का गहनता से मुआयना किया। उच्चैन सर्किल सीओ सुरेश कुड़ी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद अस्पताल पहुंचकर जांच की गई तो मृतक के शरीर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान पाए गए। पुलिस ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित आरोपी अनिल कुमार मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी अनिल कुमार मीणा नशे का आदी है। वह वर्ष 2007 में सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था, लेकिन 2014-15 के आसपास नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था और वर्तमान में खेती-बाड़ी का कार्य कर रहा था। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
