एनएच-21 जयपुर-भरतपुर मार्ग स्थित खेड़ली मोड थाना परिसर में रविवार को राज्य गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय जयपुर, पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज एवं जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर के निर्देशों की पालना में सीएलजी सदस्यों एवं महिला सुरक्षा सखियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी पवन कुमार यादव ने की। बैठक में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, प्री-पुलिसिंग, ट्रैफिक नियमों की पालना, अवैध कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा बेहतर कार्ययोजना तैयार करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए थानाधिकारी पवन कुमार यादव ने कहा कि खेड़ली मोड थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी एवं बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली या रसूखदार क्यों न हो। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है तथा अपराधी की कोई जाति या बिरादरी नहीं होती।

थानाधिकारी ने बैठक के दौरान सभी सीएलजी सदस्यों एवं महिला सुरक्षा सखियों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र की कानून व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या गलत गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाने पर सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

बैठक के दौरान सीएलजी सदस्यों ने गांवों में पुलिस गश्त बढ़ाने, ओवरलोडिंग पर रोक लगाने, अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई, वाहनों में तेज आवाज में स्पीकर बजाने वालों पर कार्रवाई सहित विभिन्न समस्याओं से पुलिस को अवगत कराया। इस पर थानाधिकारी पवन कुमार यादव ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

थानाधिकारी ने सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने, क्षेत्र में गांजा या अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की सूचना पुलिस को देने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इलाके में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए आमजन की सुरक्षा करना पुलिस का प्रमुख दायित्व है। इसके लिए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, आमजन का पुलिस पर विश्वास तथा अपराधियों में पुलिस का भय होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में होने वाले अपराधों तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। बिना जन सहभागिता के पुलिस अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर सकती। उन्होंने सीएलजी सदस्यों एवं महिला सुरक्षा सखियों से कहा कि यदि कहीं भी किसी अपराध की आशंका या संभावना दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे संभावित अपराध को होने से पहले रोका जा सके और संबंधित अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि थाना क्षेत्र में रात्रिकालीन नियमित पुलिस गश्त का दायरा और बढ़ाया जाएगा। साथ ही जुआ, सट्टा, अवैध शराब की बिक्री जैसे अवैध कारोबारों के खिलाफ कार्रवाई, ट्रैफिक नियमों की पालना नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान, महिला सुरक्षा संकल्प अभियान तथा स्कूलों में बालिकाओं को उनके सुरक्षा अधिकारों एवं कानूनों की जानकारी देने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। अपराध नियंत्रण को लेकर सीएलजी सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव भी पुलिस ने दर्ज किए।

थानाधिकारी पवन कुमार यादव ने कहा कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और आमजन का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से अपराध की आशंका होने पर समय पर पुलिस को सूचना देकर सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में गांव सलेमपुर खुर्द, झारोटी, खानपुर, पथैना, जसवर, सुआ की, बबेखर, अलीपुर, दीवली, भगवानपुर, महमदपुर, उलूपुरा, छोकर, बाड़ा कला सहित आसपास के गांवों के सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर खेड़ली मोड थाने के एएसआई सुरेश चौधरी, भूरी सिंह मीणा, जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल कमलेश मीणा, शुगर सिंह, अमित कुमार सहित पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story