भरतपुर: बिजली विभाग की लापरवाही, दो वर्षों से अंधेरे में गुजर-बसर कर रहा परिवार
वैर उपखण्ड के गांव मोलोनी में राजेंद्र सिंह गुर्जर का परिवार कनेक्शन होने के बावजूद दो साल से बिना बिजली के रहने को मजबूर है, 181 पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ।

पीड़ित राजेंद्र सिंह गुर्जर
भुसावर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर के वैर उपखण्ड अंतर्गत ग्राम मोलोनी से बिजली विभाग की घोर संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। यहाँ एक ग्रामीण राजेंद्र सिंह गुर्जर का परिवार पिछले दो वर्षों से अधिक समय से अंधेरे में जीवन यापन करने को विवश है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित द्वारा नियमित बिजली बिलों का भुगतान किए जाने के बावजूद विभाग के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
राजेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि उनका घरेलू कनेक्शन काफी पुराना है, लेकिन किसी तकनीकी कारणवश विद्युत पोल से उनकी लाइन हट गई थी। इस समस्या को लेकर उन्होंने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित में शिकायत दर्ज कराई, परंतु दो साल बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। बिजली के अभाव में परिवार को न केवल अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि भीषण गर्मी और मच्छरों के प्रकोप के बीच बिना पंखे के रातें काटनी पड़ रही हैं। इसका सीधा और नकारात्मक प्रभाव बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है।
पीड़ित ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि उन्होंने राज्य सरकार की हेल्पलाइन 181 पर भी अनेक बार गुहार लगाई, लेकिन प्रशासन और विभाग के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। पिछले दो वर्षों से बिजली कार्यालय के चक्कर काट-काट कर थक चुके राजेंद्र सिंह को हर बार केवल झूठा आश्वासन ही थमाया जाता है। नियमित भुगतान के बावजूद बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित यह परिवार अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है कि जल्द से जल्द उनके घर की लाइट सुचारू की जाए ताकि उन्हें इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
