भरतपुर में दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन, हजारों दिव्यांगों को वितरित किए उपकरण
श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति ने कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर और अन्य उपकरण वितरित कर दिव्यांगजनों की मदद की

भरतपुर। श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, कृष्णा नगर, भरतपुर द्वारा 07 मार्च को समिति प्रांगण में वृहद दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजीकृत एवं चिह्नित दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलीपर्स, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, वैशाखी, फॉल्डिंग वॉकर, एल्वो वैशाखी और छड़ी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कनिष्क कटारिया, आयुक्त भरतपुर विकास प्राधिकरण थे। विशिष्ट अतिथि डॉ. भूरी सिंह, पूर्व निदेशक सरसों अनुसंधान केंद्र और श्यामसुंदर, संयुक्त निदेशक समाज कल्याण विभाग भरतपुर तथा कृष्णकुमार अग्रवाल, प्रमुख उद्योगपति और समाजसेवी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती दीपिका मेहता ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा श्री भगवान महावीर जी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर हुआ। कनिष्क कटारिया ने डॉ. एम.एम. बापना की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए गांधी जी का उल्लेख किया और कहा कि दिव्यांगों की सेवा सबसे बड़ी मानवता सेवा है। डॉ. भूरीसिंह ने डॉ. बापना द्वारा संस्था की नींव रखने और उत्कृष्ट पदाधिकारियों का चयन करने की सराहना की। श्यामसुंदर ने समिति की भविष्य की सेवाओं को आगे बढ़ाने हेतु सहयोग की अपील की। कृष्णकुमार अग्रवाल ने समिति में कार्यरत तकनीशियनों उमेशचंद शर्मा और पंकज शर्मा द्वारा कृत्रिम अंग तैयार कर दिव्यांगों की जीवन शैली सहज बनाने के कार्य की प्रशंसा की।
श्रीमती दीपिका मेहता ने सभी अतिथियों, दानदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और डॉ. बापना को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने समिति के रूप में एक उत्कृष्ट तोहफा प्रदान किया है, जिससे हजारों, लाखों लोग लाभान्वित होते हैं। कार्यक्रम में लिम्ब फिटर उमेशचंद शर्मा और हैंड फिटर पंकज शर्मा को उनके प्रशंसनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समिति सचिव डॉ. यू.एस. जूरैल ने संस्था की स्थापना से लेकर आज तक की उपलब्धियों का परिचय देते हुए बताया कि समिति ने अब तक छह लाख से अधिक दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायता प्रदान की है। इसमें कृत्रिम पैर, कैलीपर्स, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, वैशाखी, बुजुर्गों की छड़ी, आर्थिक सहायता, पोलियो ऑपरेशन और कृत्रिम हाथ शामिल हैं।
कार्यक्रम में डॉ. रश्मि गुप्ता, नवीन खन्ना, अंकुर खन्ना, मनीष मोदी, प्रदीप शर्मा, डॉ. सुदर्शना सोलंकी, डॉ. सोहम सोलंकी, प्रमोद, अनिल चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समिति कर्मचारी कृष्णकुमार शर्मा, गोविंद प्रसाद अग्रवाल, उमेश शर्मा, पंकज शर्मा, नागेन्द्र शर्मा, सदन सिंह और कीर्ति ने भी सराहनीय योगदान दिया। मंच का संचालन डॉ. यू.एस. जूरैल ने किया। समस्त आगंतुकों ने आयोजन के सफल संचालन के लिए आयोजकों की सराहना की।
इस कार्यक्रम ने दिव्यांगों के जीवन में आत्मनिर्भरता और सुविधा प्रदान करने की दिशा में समिति की प्रतिबद्धता को पुनः स्पष्ट किया।

Mukesh Kumar, Bharatpur
मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।
