जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा, जहां बैंकर्स क्लब और गोपालगढ़ क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।

जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के सचिव शत्रुघन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिन का पहला मुकाबला बैंकर्स क्लब और बूस्टर्स क्लब के बीच खेला गया। बूस्टर्स क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 141 रन बनाए। टीम की ओर से कुश सोलंकी ने सर्वाधिक 78 रन बनाए, जबकि देवेश ने 21 रन का योगदान दिया। बैंकर्स क्लब की ओर से हिमांशु सिनसिनवार ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बैंकर्स क्लब ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 4 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से फ़ैज़ ख़ान ने शानदार 76 रन बनाए, जबकि लिवेक चाहर ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

दोपहर में खेले गए दूसरे मुकाबले में गुरु नगर क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम 25 ओवर में 153 रन पर ऑलआउट हो गई। गुरु नगर क्लब की ओर से शिवम् शिरधना ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। गोपालगढ़ क्लब की गेंदबाजी में देवदत्त तिवारी और उत्कर्ष ने 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

जवाब में गोपालगढ़ क्लब ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए 3 विकेट से मैच जीत लिया। टीम की ओर से अंकित कुमार ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। वहीं गुरु नगर क्लब की ओर से हेमंत योगी ने 2 विकेट लेकर मुकाबले को रोचक बनाए रखा।

दोनों ही मैचों में आरसीए के मान्यता प्राप्त अंपायर प्रेम सिंह और देवेंद्र सिंह कालू ने अंपायरिंग की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी रूपेंद्र मोहन ने निभाई। तिवारी ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता में दो और मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें सुबह पीएमसी क्लब बनाम जवाहर नगर क्लब तथा दूसरा मैच सनराइज क्लब बनाम रॉयल क्लब के मध्य खेला जाएगा।

प्रतियोगिता के लगातार रोमांचक मुकाबले खिलाड़ियों के प्रदर्शन और स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं के उभरते स्तर को दर्शाते हुए जिले में खेल के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित कर रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story