भरतपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ के निर्देशों के अनुपालन में जिला क्रिकेट संघ भरतपुर द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन नि:शुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को एक गरिमामय समारोह के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। खेल प्रतिभाओं को तराशने के उद्देश्य से शुरू हुए इस 15 दिवसीय आयोजन में जिले भर के 155 नवोदित खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया है, जिन्हें खेल की बारीकियों से रूबरू कराया जाएगा।

लोहागढ़ की इस धरा पर आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी कोटा की रजिस्ट्रार श्रीमती आरती सोगरवाल रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के अध्यक्ष विष्णु प्रकाश अग्रवाल द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अग्रवाल महासभा महिला विभाग की जिला अध्यक्ष श्रीमती शालिनी मित्तल एवं प्रयास संस्था भरतपुर की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती अंजू मित्तल उपस्थित रहीं। जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघन तिवारी ने शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि राजस्थान क्रिकेट संघ और जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के दौरान सभी खिलाड़ियों को समस्त खेल सुविधाएं एवं अल्पाहार की व्यवस्था संघ द्वारा पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान की जा रही है।

प्रशिक्षण की कमान जिले के अनुभवी पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों के हाथों में सौंपी गई है। कोच की भूमिका में प्रेम सिंह, देवेंद्र सिंह कालू, रूपेंद्र मोहन, अवदेश खटाना और आदित्य चौधरी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे, वहीं शारीरिक एवं मानसिक मजबूती हेतु प्रियंका शर्मा और अविनाश सोनी को योग अभ्यास के लिए नियुक्त किया गया है। सचिव तिवारी ने जानकारी दी कि विशेष प्रशिक्षण के लिए बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त कोच सिद्धार्थ जोशी, विलास जोशी, विवेक यादव, दुष्यंत त्यागी, कुलदीप सिंह, अमरदीप कुमार और मोहन सिंह से भी आग्रह किया गया है, जो शिविर के मध्य समय-समय पर उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को गुर सिखाएंगे।

समारोह के दौरान भरतपुर की चार विशिष्ट प्रतिभाओं—जनता आंदोलन के संयोजक राघवेंद्र सिंह फौजदार, जिला कुश्ती संघ ओलंपिक पद्धति के सचिव यदुवीर सिंह सिनसिनी, योग में एनआईएस कर रहीं प्रियंका शर्मा एवं योग प्रशिक्षक अविनाश सोनी का विशेष सम्मान किया गया। पंकज गोयल द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा व राजकुमार जैन, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता व भरत तिवारी, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी, सदस्य सूरज शर्मा, नाहर सिंह, विनोद शर्मा, बीनू सिंह, राहुल लोहिया, रवि शर्मा, के.के. शर्मा, सचिन तिवारी, रामू एवं वरिष्ठ खेल पत्रकार संजीव चिनिया सहित खेल जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। यह शिविर न केवल भरतपुर की क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि भविष्य के व्यावसायिक खिलाड़ियों की नींव को भी सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा।




Updated On

Next Story