भरतपुर जिला कलक्टर ने बयाना रात्रि चौपाल में किया जनसमस्याओं का समाधान
कलक्टर कमर चौधरी ने महमदपुरा में 25 से अधिक परिवादों का मौके पर निस्तारण कर चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने और विद्युत सुधार के सख्त निर्देश दिए।

बयाना के महमदपुरा में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान एक दिव्यांग महिला की समस्या सुनकर मौके पर ही पेंशन और खाद्य सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करते जिला कलक्टर कमर चौधरी।
बयाना उपखंड की ग्राम पंचायत महमदपुरा में आयोजित रात्रि चौपाल में भरतपुर जिला कलक्टर कमर चौधरी ने प्रशासनिक सक्रियता का स्पष्ट संदेश देते हुए 25 से अधिक प्राप्त परिवादों के त्वरित समाधान पर जोर दिया। चौपाल की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों से फीडबैक लेकर अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित कराया और आमजन को स्थानीय स्तर पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक अथवा जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य समस्याओं को सुनकर मौके पर ही समाधान करना है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि संबंधित परिवादियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें और पात्रता पूरी करने वाले लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जाए।
चौपाल के दौरान चारागाह भूमियों पर अतिक्रमण के प्रकरण सामने आने पर जिला कलक्टर ने बयाना तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए कि सभी चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही विद्युत संबंधी समस्याओं, रास्तों में अतिक्रमण, व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामलों में दस्तावेजों की मौके पर जांच कर ऑनलाइन प्रक्रिया सात दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति में व्यवधान होने पर तत्काल टीम भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मौके पर लाभ वितरण की प्रक्रिया भी प्रभावी रूप से संचालित हुई। जनसुनवाई में पहुंची दिव्यांग बरफी बाई को पेंशन लाभ नहीं मिलने की जानकारी पर तुरंत दस्तावेज तैयार कराए गए, साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा योजना का पात्र पाया गया। मोतीराम जाटव के अधिक बिजली बिल की शिकायत पर पुराने बिलों से जांच कर राशि दुरुस्त कर राहत दी गई। बनैसिंह के खराब बिजली मीटर को बदलने के निर्देश दिए गए। ग्राम वस्त्रावली में चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया गया, जबकि महमदपुरा गांव में आवश्यक स्थानों पर नाली निर्माण के लिए ग्राम पंचायत को निर्देश दिए गए।
इस दौरान सीईओ जिला परिषद मृदुलसिंह, उपखंड अधिकारी दीपक मित्तल, सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग रिद्धि चंद मीणा, विद्युत विभाग के रामहेत मीणा, जलदाय विभाग के एनके वर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि राधेश्याम मीणा, पशुपालन विभाग के डॉ रामकिशन महावर, सीएमएचओ डॉ गौरव कपूर, उप निदेशक महिला अधिकारिता राजेश कुमार और जिला परिवहन अधिकारी अभय मुदगल सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रात्रि चौपाल में त्वरित समाधान और योजनाओं के सीधे लाभ वितरण की यह पहल प्रशासन की जवाबदेही और ग्रामीण स्तर पर सुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
