भरतपुर, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में उल्लास और गरिमा के साथ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला कलक्टर ने बाबा साहेब के विचारों को आज के समय में बेहद प्रासंगिक बताया।

युवा पीढ़ी के लिए बाबा साहेब के विचार और आदर्श

समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि "आज की युवा पीढ़ी को बाबा साहेब के विचारों, आदर्शों और सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारना चाहिए।" उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब युवा इन विचारों को आत्मसात करेंगे, तभी भारतीय संविधान को और अधिक मजबूती मिलेगी और भारत विश्व पटल पर एक सशक्त व समृद्ध राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का पूरा जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण की एक अद्भुत मिसाल है।

शिक्षा ही है सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम

जिला कलक्टर ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने में बाबा साहेब की अहम भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के जरिए देश को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्ग दिखाने वाले डॉ. अंबेडकर के सिद्धांत वर्तमान में भी प्रासंगिक हैं। समाज में समरसता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए उनके विचारों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे मजबूत हथियार बताते हुए युवाओं से इससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

संविधान की शपथ और रैली का भव्य आयोजन

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के अंत में जिला कलक्टर ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आम शहरवासियों को भारतीय संविधान की रक्षा और पालन की शपथ दिलाई। वहीं, एडीएम सिटी राहुल सैनी ने सभी को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

इस दौरान कार्यक्रम में अतिरिक्‍त जिला कलक्‍टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्यामसुंदर शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रामरतन, हॉर्टिकल्चर उप निदेशक जनकराज मीना, नगर निगम आरओ तेजराम मीणा, प्रेम सिंह, ऊदल सिंह, राजकुमार पप्पा, विजय सिंह, भंवर सिंह, तूफान सिंह, उदय सिंह, वीरेंद्र, भूदेव प्रसाद, डॉ अमित, रिंकू सिंह, श्याम सिंह सागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story