भरतपुर: आगरा-जयपुर हाइवे पर ट्रेलर से टकराई बस, चार यात्रियों की मौत
लुधावई पुलिया के पास खड़े ट्रेलर में घुसी स्लीपर बस, कोहरे और लापरवाही के कारण हुआ हादसा, पांच घायल आरबीएम अस्पताल में भर्ती।

भरतपुर के लुधावई पुलिया पर सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस और राहत कार्य में जुटे प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल।
भरतपुर 29 जनवरी। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सेवर थाना क्षेत्र में लुधावई पुलिया के पास कासगंज से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस बीच हाइवे पर खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
- हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
- इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
- ट्रेलर खराब था जो बीच हाइवे पर खड़ा था। ट्रेलर चालक ने कोई खराब का संकेत नहीं लगा रखा था।
- बस चालक को लगा ट्रेलर चल रहा है इसी के चलते हादसा हुआ।
प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई
मौके पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी और एसपी दिगंत आनन्द पहुंचे। एसडीएम भारती गुप्ता आरबीएम अस्पताल पहुंचीं जहां घायलों से बातचीत की।
सेवर थाना प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया: "सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला आरबीएम अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी।"
हादसे का समय और कारण
हादसा गुरुवार तड़के करीब 2.30 से 3 बजे के बीच हुआ। घना कोहरा हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। टक्कर के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान
इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। मृतकों की पहचान हो गई है:
- कान्हा (8 वर्ष) पुत्र रामवीर, निवासी सतोवा, मथुरा (उत्तर प्रदेश)
- गीता (38 वर्ष) पत्नी रामवीर, निवासी सतोवा, मथुरा (उत्तर प्रदेश)
- मुक्खन सिंह (28 वर्ष) पुत्र खेम सिंह, निवासी कठूमर, अलवर (राजस्थान)
- मुस्लिम (40 वर्ष) पुत्र इस्माइल, निवासी कासगंज (उत्तर प्रदेश)
एक परिवार की मार्मिक कहानी
इस हादसे की सबसे मार्मिक कहानी मथुरा के सतोवा निवासी रामवीर की है। रामवीर अपनी पत्नी गीता और 8 वर्षीय बेटे कान्हा के साथ खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। रामवीर भगवान की मूर्तियों के लिए कागज की पगड़ियां बनाते हैं और हर महीने माल सप्लाई करने खाटूश्याम जी जाते थे। इस बार वो पत्नी और बेटे को भी साथ लेकर गए थे। हादसे में रामवीर की पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि रामवीर खुद गंभीर रूप से घायल हो गए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
