गुरु पूर्णिमा पर भुसावर में श्रद्धा का संगम, गुरुओं के चरणों में झुकाए शीश और लिया आशीर्वाद
भुसावर में गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा और सेवा का संगम देखने को मिला, जहां गुरुओं का सम्मान हुआ और राहगीरों को शिकंजी वितरित की गई।

भरतपुर के भुसावर में गुरु पूर्णिमा पर छबील लगाकर राहगीरों को शिकंजी पिलाते भक्त मंडल के सदस्य।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर सहित उपखण्ड मुख्यालय के ग्रामीण अंचल में बुधवार 29 जुलाई को आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, संस्कृति और संकल्प के त्रिवेणी संगम के रूप में मनाई गई। गुरु-शिष्य के परस्पर स्नेह के इस पर्व पर लोगों ने अपने गुरुओं के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।
इस बार गुरु पूर्णिमा का पर्व केवल परम्परा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रेरणा का संदेश भी लेकर आया। संत प्रवचनों में युवा पीढ़ी को डिजिटल चकाचौंध के बीच आत्मिक जागरुकता और जीवन को सही दिशा देने वाली सीख दी गई। संतों और गुरुओं ने कहा कि आज का युवा प्रतिदिन सोशल मीडिया पर किसी न किसी को फॉलो करता है, लेकिन वास्तविक फॉलोविंग उसी व्यक्ति की होनी चाहिए, जो सही राह पर चलने की सीख देता है। वही सच्चा गुरु है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लोगों ने अपने-अपने गुरुओं के आश्रमों, मंदिरों और घरों में मौजूद गुरुओं के चरण वंदन कर पूजा-अर्चना की तथा जीवन को सफल बनाने का आशीर्वाद प्राप्त किया। क्षेत्र में दिनभर गुरु भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।
इसी पावन अवसर पर भुसावर कस्बे में हिंडौन सड़क मार्ग स्थित प्राचीन कोठी वाले हनुमान मंदिर और शीतला माता मंदिर के समीप भक्त मंडल के सहयोग से राहगीरों के लिए छबील लगाकर शिकंजी और मीठे जल का वितरण किया गया।
भक्त मंडल के सदस्य धनपाल सैनी, विष्णु भगवान गुप्ता, पप्पू शर्मा और जगदीश बैध जी धीरेन्द्र पाण्डेय आदि भक्तों ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तेज धूप और भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देने के लिए मानव सेवा की पहल के तहत नींबू, चीनी, काली मिर्च और सेंधा नमक से निर्मित शिकंजी तैयार की गई। शिकंजी का कोठी वाले हनुमान जी और शीतला माता को भोग लगाकर इसके बाद राहगीरों को वितरण किया गया।
शिकंजी वितरण कार्यक्रम के दौरान सेवा और सहयोग का भाव देखने को मिला। गुरु पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन के साथ मानव सेवा का यह प्रयास भी श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए राहत का माध्यम बना।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
