भौमवती अमावस्या पर भुसावर में दान-पुण्य का महापर्व, मंदिरों में उमड़ी भीड़, जरूरतमंदों को कराया भोजन
भुसावर में भौमवती अमावस्या पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दान-पुण्य, पितृ तर्पण, भंडारे और जरूरतमंदों की सेवा ने आस्था का विशेष संदेश दिया।

तस्वीर में दिख रहे भुसावर की मुस्कान एक पहल संस्था के परिसर में जमीन पर बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण करते लोग।
भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल भुसावर सहित उपखंड मुख्यालय क्षेत्र में मंगलवार, 14 जुलाई को आषाढ़ कृष्ण पक्ष की भौमवती अमावस्या श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। घरों के साथ-साथ विभिन्न मंदिरों और देवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
भौमवती अमावस्या के अवसर पर घरों में पितृ शांति के लिए पितरों का तर्पण, पिंडदान तथा दान-पुण्य कर धार्मिक लाभ अर्जित किया गया। वहीं कस्बे के छोंकरबाड़ा सड़क मार्ग स्थित जनसहयोग द्वारा किरोड़ी लाल स्मृति न्यास भवन में संचालित मुस्कान एक पहल संस्था में भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। गुप्त दानदाताओं के सहयोग से श्रीराम गौशाला में गायों को हरी सब्जी खिलाई गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना भी डाला गया।
मुस्कान एक पहल संस्था की सक्रिय कार्यकर्ता रेणु मित्तल ने बताया कि भौमवती अमावस्या के पावन अवसर पर संस्था में भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें जरूरतमंदों को पंगत में बैठाकर खीर, पूड़ी और सब्जी का भोजन कराया गया। उन्होंने बताया कि जो जरूरतमंद मुस्कान की रसोई तक आने में असमर्थ थे, उनकी जानकारी मिलने पर संस्था के सदस्यों ने उनके निवास पर पहुंचकर भोजन उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर मुस्कान एक पहल संस्था में पधारे संत-महात्माओं ने भी भोजन प्रसादी ग्रहण की, संस्था का आभार व्यक्त किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। भौमवती अमावस्या मंगलवार को होने के कारण मंदिरों में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही, जहां लोगों ने दोष निवारण की कामना के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की, व्रत रखा तथा भगवान से परिवार में सुख, शांति, समृद्धि, मंगलदोष से मुक्ति और कर्ज से छुटकारा मिलने की प्रार्थना की।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
