जनसुनवाई में गूंजे बिजली उपभोक्ताओं के मुद्दे, 16 शिकायतों का मौके पर समाधान
भरतपुर के बिजली घर चौराहा स्थित बीईएसएल सब-डिविजनल कार्यालय में आयोजित मासिक जनसुनवाई के दौरान 21 में से 16 उपभोक्ताओं की बिजली समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया।

भरतपुर के बिजली घर चौराहा स्थित बीईएसएल कार्यालय में आयोजित मासिक जनसुनवाई के दौरान उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतें सुनते और दस्तावेजों की समीक्षा करते अधिकारी।
बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान और उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से बिजली घर चौराहा स्थित भरतपुर इलेक्ट्रिसिटी सर्विसेज लिमिटेड (BESL) के सब-डिविजनल कार्यालय में गुरुवार को मासिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस जनसुनवाई में शहर के उपभोक्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
BESL के जनसंपर्क अधिकारी सुधीर प्रताप सिंह ने बताया कि जनसुनवाई में भरतपुर शहर के 21 उपभोक्ता बिजली से जुड़ी शिकायतें और सुझाव लेकर पहुंचे। अधिकांश उपभोक्ताओं ने कम वोल्टेज की समस्या, विद्युत बिल की किश्तों में भुगतान की मांग, बिजली के खंभों एवं लाइनों के स्थानांतरण तथा नए विद्युत कनेक्शन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों में से 16 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जिससे उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिली। वहीं बिजली के खंभों और विद्युत लाइनों के स्थानांतरण से जुड़े मामलों के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इन परिवादों का निस्तारण तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सात से दस दिनों के भीतर किया जाएगा।
कार्यक्रम में हैड सीआरएम अमित आनंद, सहायक राजस्व अधिकारी विजय तोमर, सहायक अभियंता अखिलेश यादव, कनिष्ठ अभियंता विनोद सिंह, कनिष्ठ अभियंता (न्यू कनेक्शन) आयुष पाण्डेय, वरिष्ठ लिपिक शिवांगी उपाध्याय सहित BESL का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
मासिक जनसुनवाई के माध्यम से उपभोक्ताओं और बिजली विभाग के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला, जिससे शिकायतों के त्वरित निस्तारण और विद्युत सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।

Mukesh Kumar, Bharatpur
मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।
