भरतपुर बीट्स का 15वां विशाल रक्तदान शिविर, टाउन हॉल में तैयारियाँ पूरी
संस्था द्वारा 6500 यूनिट रक्त संग्रहण के बाद अब 15वें शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं के लिए विशेष 'पिंक जोन' और स्वास्थ्य जांच की सुविधा होगी।

भरतपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान 15वें रक्तदान शिविर की जानकारी साझा करते संस्था के सदस्य और पदाधिकारी।
भरतपुर, 28 मार्च। सामाजिक संस्था 'भरतपुर बीट्स' द्वारा आगामी 31 मार्च 2026, मंगलवार को किले में स्थित हेरिटेज होटल "टाउन हॉल" में 15वें विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शिविर की तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा करने हेतु संस्था द्वारा एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय नागरिकों तक इस पुनीत कार्य की सूचना पहुँचाना था।
जिला कलेक्टर करेंगे उद्घाटन, प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे मौजूद
बीट्स के संरक्षक जितेन्द्र गोयल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन भरतपुर जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी द्वारा सुबह 10.30 बजे किया जाएगा। इस गरिमामयी अवसर पर भरतपुर एडीएम, एसडीएम, बीडीए आयुक्त, नगर निगम कमिश्नर, पीएमओ एवं सीएमएचओ जैसे उच्चाधिकारी भी शिरकत करेंगे। संस्था के प्रबंध कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि बीट्स अब तक 14 सफल शिविरों के माध्यम से लगभग 6500 यूनिट रक्त संग्रहित कर सेवा का कीर्तिमान स्थापित कर चुका है।
समय, पात्रता और स्वास्थ्य जांच की विशेष व्यवस्था
संस्था के प्रमुख सदस्य शेखर गोयल की धर्मपत्नी श्रीमती एलिना गोयल के अनुसार, यह शिविर सुबह 9 बजे से सायंकाल 6 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें 18 से 60 वर्ष की आयु का कोई भी स्वस्थ नागरिक रक्तदान कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकता है। प्रमुख सदस्य पीयूष अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती पारुल अग्रवाल ने बताया कि "शिविर में एक डेडिकेटेड जाँच टीम भी बुलाई गई है जो रक्तदान से पूर्व समस्त आवश्यक जाँच कर उसकी जानकारी रक्तदाता को उपलब्ध करायेगी।"
सुविधाओं से लैस होगा 'पिंक जोन' और वातानुकूलित परिसर
रक्तदाताओं के आराम और सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रमुख सदस्य राहुल बंसल की धर्मपत्नी श्रीमती सजल बंसल ने कहा कि "शिविर में रक्तदाता की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जायेगा, रक्तदान वाले हॉल को पूर्णतया सेनेटाईज एवं तापमान को सामान्य रखने के लिये वातानुकूलित रखा जायेगा।" वहीं, अमित दायमा की बहन भारती दायमा ने बताया कि "शिविर में रक्तदाता को रक्तदान से पूर्व एवं बाद में स्वल्पाहार, कॉफी आदि की व्यवस्था रखी गई है।" विशेष रूप से महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सचिव यकुल गुप्ता ने बताया कि नारी शक्ति हेतु एक डेडिकेटेड महिला टीम बुलाई गई है और उनके लिए 'पिंक जोन' बनाया गया है।
विशेष चिकित्सीय परामर्श और रक्त का वितरण
पंकज गोयल ने साझा किया कि जयपुर से आने वाली डॉक्टर्स की टीम ने एक विशेष आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि "जो व्यक्ति रक्तदान करना चाहते हैं और थायराइड, बीपी या शुगर की गोली लेते हों, वे रक्तदान के पश्चात ही गोली लेने का प्रयास करें जिससे रक्तदान प्रभावित न हो।" पिकासो गर्ग ने जानकारी दी कि एकत्रित रक्त को भरतपुर के आरबीएम जिला अस्पताल, जयपुर के एसएमएस अस्पताल और जे.के. लोन अस्पताल को भेजा जाएगा। मोहन बंसल ने बताया कि "शिविर के लिये भरतपुर के प्रमुख उद्योगपति भगत सिंह लोहागढ़ द्वारा निशुल्क प्रांगण उपलब्ध कराया गया है, जिसके लिये संस्था उनकी हृदय से आभारी है।"
'एक प्रतिष्ठान, एक यूनिट' का संकल्प और जनसंपर्क
शिविर की सफलता सुनिश्चित करने हेतु अध्यक्ष रजत आर्य के नेतृत्व में बीट्स के सदस्य 30 मार्च 2026 को कुम्हेर गेट से बिजलीघर चौराहे तक मुख्य बाजारों में जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान संस्था के सदस्य प्रत्येक व्यापारी और नागरिक से "एक प्रतिष्ठान, एक यूनिट" रक्तदान करने का विनम्र आग्रह करेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इस सेवा प्रकल्प से जुड़ सकें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
