भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर शहर की सड़कों पर दौड़ते अनियंत्रित ऑटो और ई-रिक्शा इन दिनों राहगीरों और यात्रियों के लिए यमदूत साबित हो रहे हैं। शहर के मुख्य बाजारों और सर्कुलर रोड पर इन वाहनों की मनमानी और चालकों की लापरवाही से आए दिन गंभीर हादसों का खतरा बना रहता है। इस गंभीर समस्या के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए लोहागढ़ उत्थान मोर्चा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवकुमार वशिष्ठ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इन वाहन चालकों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

एक ओर जहां पुलिस और प्रशासन शहर के सौंदर्यकरण के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने के लिए सराहनीय अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इन ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा की जा रही लापरवाही प्रशासन की मेहनत पर पानी फेरती नजर आ रही है। श्री वशिष्ठ ने बताया कि बिजली घर चौराहा से मुख्य बाजार होकर कुम्हेर गेट, मानसिंह सर्किल से रेलवे स्टेशन, और हीरादास बस स्टैंड से लेकर शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर हजारों की संख्या में ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन हो रहा है।

जांच और नियंत्रण के अभाव में इनमें से अधिकांश चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं और नशे की स्थिति में भी पाए जाते हैं। ये चालक न केवल सवारियों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि क्षमता से अधिक सवारियां भरकर सड़क सुरक्षा के नियमों की धज्जियां भी उड़ा रहे हैं। कई बार ये चालक अचानक बीच सड़क पर ब्रेक लगा देते हैं, जिससे पीछे से आने वाले अन्य वाहनों के लिए भी बड़ी मुसीबत खड़ी हो जाती है। ओवरस्पीडिंग के कारण इन वाहनों के पलटने का अंदेशा हर समय बना रहता है।

लोहागढ़ उत्थान मोर्चा ने पुलिस प्रशासन से कड़ा रुख अपनाते हुए इन चालकों के विरुद्ध नियमित चेकिंग अभियान चलाने की पुरजोर मांग की है। साथ ही, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया है ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुगम हो सके और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Mukesh Kumar, Bharatpur

Mukesh Kumar, Bharatpur

मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।

Next Story