राजस्थान जन सांस्कृतिक परिषद, ब्रज बानी सेवा समिति, ब्रज नगर एवं गिरिराज धरण सेवक दल, भरतपुर के संयुक्त तत्वावधान में मुकुट मुखारविंद पूंछरी के लोठा में अखिल भारतीय ब्रजभाषा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वेद प्रकाश वेद, नगर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ललित तारा गीतकार, मेरठ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गज़लकार डॉ. मोहकम सिंह सहजी, हरिश्चंद्र हरि, ब्रज नगर एवं प्रो. डॉ. अशोक गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम सिंह मधुर ने किया।

कवि सम्मेलन के आरंभ में सभी कवियों ने मुकुट मुखारविंद पर गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी आगंतुक कवियों का माला एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया। आयोजन के दौरान लोकेश सिंघल की कृति "ब्रज लोक बांसुरी" का सभी अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। समाजसेवी कुसुम कुमार गुप्ता को "पूंछरी का लोठा" उपाधि तथा ललित तारा, मेरठ को "ललिता सखी" उपाधि से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की वंदना हरिश्चंद्र हरि ने प्रस्तुत कर की। इसके बाद डॉ. मोहकम सिंह ने "श्याम मधुबन में आओ, संग में करेंगे रे किलोल।" राकेश राजस्थानी ने "विरज भूमि को मूल स्वरूप जो देखौ वह है।" राजेंद्र अनुरागी ने "ब्रजभूमि बहुत सुहावै है बृजनंदन बंधन तेरो।" ललित तारा ने "शिष्य को अपने सदा हर दिन गुरु सिखाएं।" तथा लोकेश सिंघल ने "बड़ों मजा आवे बैठे, जब हम पीपल की छांव में।" शीर्षक से अपनी रचनाएं सुनाकर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।

कवि सम्मेलन में सुरेश सुनार ने "बेटियां होती हैं पंछी पंख फैलाए आती हैं", आचार्य निर्मल, मथुरा ने "मैया भारती की संतान को नमन है", अंजू सिंह एटा ने "दर्द का आवरण तुम बना लो मुझे", डी.के. हंसमुख ने "अपनी उंगली पर उठाया था जिसने गिरिराज।", खेमेंद्र कुमार देव ने "जल-जलकर जो बुझेंगे उसे हम खाक कहते हैं।", श्याम सिंह मधुर ने "प्रेम के पियूष बड़ी बांसुरी बजावे श्याम।", वेद प्रकाश वेद ने "मौन हैं सारी दिशाएं खो गया श्रृंगार साथी।", हरी बाबू ओम ने "श्याम मेरौ श्यामा भयो, श्यामा है गई श्याम।", हरेंद्र शर्मा अऊ ने "हर जीव की हर सांस में मौजूद जो प्रश्न है।" तथा प्रकाश चंद पाराशर ने "मेरे गीत के समीप मेरी प्रीत के समीप।" शीर्षक से अपनी रचनाओं का पाठ किया।

सम्मेलन में गिरिराज धरण सेवक दल के भंडारी पवन सिंघल, भंडारी मोती मुखिया, भंडारी गोपाल शर्मा, भंडारी कुसुम कुमार गुप्ता, भंडारी धनेश कुमार, भंडारी गोविंद शरण सिंघल, भंडारी लतेश गोयल, भंडारी श्री चंद, भंडारी लोकेश सिंघल, दिलीप गुप्ता, तरुण सिंघल, सुरेश पटवारी, सिब्बौ पंडित एवं चंद्रेश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत राजेंद्र अनुरागी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story