भरतपुर। ब्रज की माटी में रचे-बसे लोक संगीत और भक्ति रस की गूंज जब मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गूंजती है, तो फिजाओं में एक अलग ही उत्साह तैरने लगता है। भरतपुर जिले के गांव टहरकी में दशकों पुरानी परंपरा को जीवंत रखते हुए आयोजित हुए 'प्राचीन भजन जिकड़ी मेले' ने इस वर्ष भी अपनी भव्यता से जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया। मकर संक्रांति के अवसर पर अपने चरम पर पहुंचे इस मेले का गुरुवार को उस समय रोमांचक समापन हुआ, जब सुरों के इस महासंग्राम में फाइनल की जंग बराबरी पर समाप्त हुई। निर्णायकों ने सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों के कौशल को समान रूप से सराहते हुए प्रत्येक टीम को इक्यावन सौ रुपये की सम्मानजनक पुरस्कार राशि भेंट की।

सुरों की इस जंग में प्रहलाद पुरा मालोनी, राम अवतार ओंडेल गद्दी, सविता डागुर खेर जटारी, पवन जगनेर और ओमप्रकाश शर्मा निभेरा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। गायकों ने जब रामायण, महाभारत और आधुनिक काल की ज्वलंत घटनाओं को अपने स्वरबद्ध प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया, तो पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। संगीत पक्ष को मजबूती देते हुए ढोलक पर सुरेन्द्र, भजन लाल फतेहपुर सीकरी और भोलाराम डाबर ने संगत की, वहीं पैड प्लेयर गीतम सिंह उद्रा और चिमटे पर सौरभ के तालमेल ने प्रस्तुति में चार चांद लगा दिए। मंच का कुशल संचालन कर रहे उप प्राचार्य भूपेन्द्र सिंह मीना ने मेले की ऐतिहासिकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन वर्षों से टहरकी सहित सिनपिनी, मूढ़ोता, झारोली, नगला चूरामन, बांसी, महुआ, लुधावई और गढ़ी जालिमसिंह जैसे दर्जनों गांवों के बीच सांस्कृतिक सेतु का कार्य कर रहा है।

इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच भूदेव शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व सरपंच केदार (नगला चूरामन), पूर्व सरपंच हुकम, रामनिवास डीलर, संतोष नगला चूरामन, कुंवर ततामड, शीशराम हवलदार, रामभजन शर्मा धौर, नेतराम सोगरवाल, श्रिया एवं शिवसिंह कंडक्टर, देवी सहाय शर्मा, जगदीश, सरदार, भरत पंच, बृज किशोर, कपूर, रामस्वरूप जाटव, मुकेश, पप्पू पंच और निरोती सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मकर संक्रांति की कड़कड़ाती ठंड में भी सैकड़ों की संख्या में उमड़े श्रोताओं का हुजूम इस बात का प्रमाण था कि आधुनिकता के दौर में भी जिकड़ी जैसे पारंपरिक लोक गायन की जड़ें आज भी ग्रामीण अंचलों में बेहद गहरी और मजबूत हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story