भारत विकास परिषद का 64वां स्थापना दिवस: भुसावर में पौधारोपण के साथ 612 जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेंगे स्कूल बैग
भारत विकास परिषद ने भुसावर में अपना 64वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित करने के साथ ही सात विद्यालयों के 51 दर्जन जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित करने की अनूठी पहल की गई है।

भुसावर में भारत विकास परिषद के सदस्य एक फार्म हाउस पर पौधा लगाते हुए।
भुसावर में भारत विकास परिषद की स्थानीय शाखा द्वारा शुक्रवार को बयाना रोड स्थित फार्म हाउस पर भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्ष नीरज शर्मा की अध्यक्षता और योग प्रभारी अशोक शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पौधारोपण का शुभारंभ किया गया। सेवा गतिविधि संयोजक ताराचंद गोयल ने बताया कि 10 जुलाई 1963 को स्थापित भारत विकास परिषद की शाखाएं देशभर में सेवा व संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत राष्ट्रहित और जनहित के कार्य निरंतर कर रही हैं। पर्यावरण गतिविधि संयोजक डॉ. विजय पहाड़िया और पर्यावरण प्रभारी पवन अग्रवाल के अनुसार, इस सत्र में पर्यावरण प्रकल्प के तहत 101 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें शीशम, अशोक, नीम, गुडहल, गुलमोहर, कदम, श्यामा, कण्डेर और बेर जैसे विविध प्रजातियों के पौधे रोपित किए जाएंगे। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की गई। प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी देवकीनंदन सोनी व अंशु मित्तल ने जानकारी दी कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जुलाई माह के दौरान कस्बे के सात विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक के करीब 51 दर्जन यानी 612 जरूरतमंद विद्यार्थियों को सेठों की हवेली निवासी निरंजनलाल गुप्ता की स्मृति में निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में विजय अग्रवाल, रोशन सैनी और आरव अग्रवाल सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
