बयाना: खेत में 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटने से युवक की मौत
भरतपुर के भोलापुरा गांव में आवारा पशुओं को भगाते समय करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की जान गई, ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष।

उपखंड क्षेत्र के गड़ीबाजना थाना इलाके के गांव भोलापुरा में शुक्रवार शाम 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई, जबकि बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोलापुरा निवासी भोला पुत्र लक्ष्मण गुर्जर (22) शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे खेतों में खड़ी चरी की फसल में घुसे आवारा पशुओं को भगाने गया था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गड़ीबाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बयाना उप जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां गड़ीबाजना थाना एसएचओ सीआई श्याम लाल, बयाना तहसीलदार लालचंद वर्मा तथा बिजली विभाग के एईएन वीरेंद्र बुढ़वार एवं श्रीमन मीणा की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में बिजली के तार काफी पुराने और ढीले हैं, जो आए दिन टूटकर गिरते रहते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों के अनुसार तार टूटने से करंट लगने की यह चौथी घटना है, जिसमें इससे पहले भी तीन लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद जर्जर तारों को बदले जाने की दिशा में कोई कार्य नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली लाइनों की मरम्मत और पुराने तारों को बदला नहीं गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्ट - देवीसिंह प्रजापत बयाना 7877668534, 8005971868।
वाइट - नरेश, मृतक के परिजन।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
