बयाना में महिलाओं के लिए हेल्थ चेकअप और फिटनेस कैंप शुरू
सीनियर हेल्थ कोच अजय नंदमा और उनकी टीम द्वारा महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग करने तथा नियमित दिनचर्या बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

भरतपुर के बयाना में विजय वागरैन के निजी गार्डन में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता शिविर के दौरान योग और एक्सरसाइज का अभ्यास करतीं स्थानीय महिलाएं।
बयाना में बड़े पोस्ट ऑफिस के पास स्थित विजय वागरैन के निजी गार्डन में सीनियर हेल्थ कोच अजय नंदमा द्वारा हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किया गया। कैंप में 20 महिलाओं और पांच पुरुषों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान महिलाओं को नियमित एक्सरसाइज के फायदे बताते हुए व्यायाम भी कराया गया, ताकि वे निरोगी रहकर अपनी सेहत का बेहतर ध्यान रख सकें।
कैंप में सहयोगी हेल्थ कोच मुस्कान गोयल, बोली गर्ग और फिजा अब्बास ने महिलाओं को सहज योग कराया। साथ ही हर्बल काढ़ा और हर्बल चाय के फायदे बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। हेल्थ कोचों ने महिलाओं को फिटनेस और नियमित दिनचर्या के महत्व से अवगत कराया।
बोली गर्ग ने बताया कि महिला फिटनेस कैंप प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 6:30 बजे तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय ऐसा रखा गया है, जिससे कामकाजी महिलाओं को सुबह कैंप में आने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और वे सुबह की एक्सरसाइज से पूरे दिन ताजगी महसूस कर सकें।
उन्होंने बयाना क्षेत्र की महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक महिलाएं इस कैंप में भाग लेकर एक्सरसाइज और योग का लाभ उठाएं। स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महिलाओं के लिए लाभकारी साबित हो सकती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
