बयाना: आठ साल पुराने जमीनी विवाद में जानलेवा हमले के दो भाइयों को 7-7 साल का कारावास
बयाना के उच्चैन थाना क्षेत्र के गांव पिचूना में आठ साल पुराने जमीनी विवाद में हुए जानलेवा हमले में दोषी पाए गए दो भाइयों को अपर जिला एवं सेशन न्यायालय ने 7-7 साल के कारावास और 10-10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई, जबकि हत्या के आरोप में उन्हें संदेह का लाभ देकर बरी किया गया।

बयाना। आठ साल पुराने जमीनी विवाद का मामला शनिवार को न्यायालय में निर्णायक मोड़ पर पहुंचा, जब बयाना के अपर जिला एवं सेशन न्यायालय क्रम संख्या 2 ने दो सगे भाइयों को जानलेवा हमले के आरोप में दोषी करार देते हुए 7-7 साल के कठोर कारावास और 10-10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। हालांकि हत्या के आरोप में उन्हें संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
मामला उच्चैन थाना क्षेत्र के गांव पिचूना का है। 12 मार्च 2017 को घायल थानसिंह ने पुलिस में पर्चा बयान दर्ज कराते हुए बताया कि रात लगभग 8 बजे आरोपी विष्णु और महेश उर्फ भूपेंद्र सहित उनके परिवार के अन्य सदस्य लाठी, सरिया और कुल्हाड़ी लेकर उनके घर में घुस आए। इस हमले में थानसिंह, बनय सिंह और मुनेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर चोटों के कारण थानसिंह बाद में उपचार के दौरान जीवन की जंग हार गए।
पुलिस ने गहन जांच के बाद आरोपी भाइयों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया। अभियोजन पक्ष ने मामले की सुनवाई के दौरान कुल 27 गवाहों और 37 दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलों और उपलब्ध सबूतों की समीक्षा के बाद न्यायालय ने जानलेवा हमला प्रमाणित कर, विष्णु (26) और महेश उर्फ भूपेंद्र (23) को यह सजा सुनाई।
अपर लोक अभियोजक ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि इस निर्णय से न केवल न्याय की स्थापना हुई है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन विवाद के चलते होने वाले हिंसक घटनाओं पर भी एक सशक्त संदेश गया है। न्यायालय की यह कार्रवाई पीड़ित परिवार के लिए न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
- बयानाबयाना अपराध समाचारपिचूना गांव हमलाजमीनी विवाद बयानाविष्णु महेश बयाना मामलाजानलेवा हमला राजस्थानबयाना कोर्ट फैसलाअपर जिला एवं सेशन न्यायालय बयानाथानसिंह हत्या मामलाबयाना कानूनी खबरBayana crime newsPichuna village attackVishnu Mahesh caseRajasthan violent crimeBayana court verdictland dispute BayanaThansingh attack caseBayana legal newsBayana brothers sentencing

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
