बयाना। बयाना रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा सवालों के घेरे में है। करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार किया गया यात्री ओवरब्रिज महज दिखावे तक सीमित रह गया है, जबकि यात्री प्लेटफार्मों को पार करने के लिए रेलवे पटरियों पर बेखौफ होकर कदम रख रहे हैं।

स्थानीय लोगों और यात्रियों की शिकायत है कि प्लेटफार्म एक, दो और तीन पर जाने के लिए लोग खुलेआम पटरियों को क्रॉस कर रहे हैं, और यह सब कुछ रेलवे पुलिस की आंखों के सामने हो रहा है। मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस न तो यात्रियों को रोक रही है और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई कर रही है।

विशेष रूप से चिंता का विषय यह है कि कई बार खुद ड्यूटी पर तैनात रेलवे पुलिसकर्मी भी पटरियों को पार करते नजर आते हैं, जिससे आम यात्रियों से नियमों का पालन करवाना और भी मुश्किल हो गया है। रेलवे प्रशासन की उदासीनता इस महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दे को अनदेखा करती दिख रही है और किसी बड़े हादसे को आमंत्रित कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो बयाना जंक्शन पर कभी भी जानलेवा दुर्घटना घट सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन और रेलवे पुलिस की होगी। अब यह देखने की बात है कि प्रशासन इस ओर कब ध्यान देगा, या फिर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story