नया गांव खुर्द में जलभराव और दलदल से नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, सड़क मरम्मत की मांग तेज
बयाना के नया गांव खुर्द में जलभराव और दलदल से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सड़क मरम्मत व जल निकासी की मांग उठाई, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

बयाना के नया गांव खुर्द में रास्ते पर जमा कीचड़ और जलभराव के बीच खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
बयाना उपखंड क्षेत्र के नया गांव खुर्द में रास्ते पर जलभराव और दलदल की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को खुलकर सामने आया। समस्या के विरोध में ग्रामीण सड़क पर एकत्र हुए, हाथ उठाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के बाद रास्ता पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इस स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि जल्द ही रास्ते की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रास्ते की शीघ्र मरम्मत कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान मोहनसिंह पंचायत समिति सदस्य, उदयवीर सिंह, विजयवीर सिंह, वेद वीर सिंह, उमेश सिंह, हरदेवसिंह, प्रवेंद्र सिंह, अतरसिंह, धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि समस्या के समाधान में और देरी होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Devisingh Prajapat, Bharatpur
नाम: देवीसिंह प्रजापत
कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)
अनुभव: 15 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)
परिचय
देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)
देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।
शैक्षणिक योग्यता
देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
