बयाना में नगर पालिका चुनावों का शंखनाद होते ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का मतदाताओं के घरों पर पहुंचना शुरू हो गया है। बयाना में 35 वार्ड होने के कारण प्रत्येक वार्ड से चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवार अपनी जीत का दावा करते हुए वार्ड के विकास के अनेक वादों के साथ मतदाताओं से वोट मांग रहे हैं।

इसी बीच मतदाताओं से अपील की गई है कि वे उम्मीदवारों के लोकलुभावन वादों की तनिक भी परवाह न करते हुए स्वच्छ छवि और ईमानदार प्रत्याशी का ही चुनाव करें। मतदाताओं से किसी पार्टी विशेष के नाम या चुनाव चिन्ह से प्रभावित नहीं होने और उम्मीदवार का चयन उसकी व्यक्तिगत छवि के आधार पर करने का आग्रह किया गया है।

हालांकि स्वच्छ छवि और ईमानदार व्यक्ति की पहचान करना आसान नहीं है। किसी भी व्यक्ति की ईमानदारी की गारंटी देना संभव नहीं है और न ही यह आसानी से पहचाना जा सकता है कि कौन ईमानदार है और कौन बेईमान। ऐसे में उम्मीदवार के चयन के समय प्रथम दृष्टया उसकी पूर्व की छवि और वर्तमान परिवेश का अध्ययन करते हुए वार्ड मेंबर का चुनाव करने की बात कही गई है।

अपील में कहा गया है कि किसी पार्टी विशेष के उम्मीदवार के बिकने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता और मतदाताओं को इस संबंध में आंख मूंदकर विश्वास भी नहीं करना चाहिए। इसमें दावा किया गया है कि पिछली बार भाजपा और कांग्रेस की टिकट पर तथा कमल फूल और हाथ के पंजे के चुनाव चिन्ह पर जीतने वाले प्रत्याशियों में से अधिकतर पार्षद बिके थे।

इसी आधार पर मतदाताओं से विशेष सावधानी बरतने और पिछली बार बिके हुए एक भी पार्षद को दोबारा नहीं चुनने की अपील की गई है। साथ ही किसी पार्टी विशेष के नाम पर उम्मीदवार को वोट देने के बजाय उसकी व्यक्तिगत छवि और अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर वार्ड का पार्षद चुनने का आग्रह किया गया है।

बयाना के विकास को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं से विशेष निवेदन, प्रार्थना और अनुरोध किया गया है। साथ ही चुनाव लड़ने वाले सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दी गई हैं।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story