बयाना, 23 जून। सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए कल्याण फाउंडेशन ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग कर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। संस्था ने करीब 1 लाख 11 हजार रुपये मूल्य की गृहस्थी एवं विवाह उपयोगी सामग्री भेंट कर न केवल परिवार की आर्थिक मदद की, बल्कि बेटी के वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।

घटना बयाना क्षेत्र के गांव सादपुरा की है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की कन्या निशा कुमारी के विवाह को लेकर संस्था ने सहयोग का हाथ बढ़ाया। कल्याण फाउंडेशन की ओर से फ्रिज, कूलर, गैस चूल्हा, सिलेंडर, बर्तन, बिस्तर सहित आवश्यक घरेलू सामान विवाह उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। इस सहयोग से परिवार के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

जानकारी के अनुसार, कन्या के पिता अमरसिंह कायस्थ का पूर्व में निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। ऐसे में परिवार आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों से जूझ रहा था। परिवार की इस स्थिति को देखते हुए कल्याण फाउंडेशन ने आगे आकर सहायता करने का निर्णय लिया और इसके लिए सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना ही संस्था का मूल उद्देश्य है। समाज की प्रत्येक बेटी सम्मान और सुरक्षित भविष्य की अधिकारिणी है, और सामूहिक सहयोग से ही ऐसे मानवीय कार्य संभव हो पाते हैं। संस्था के पदाधिकारियों ने समाज के सक्षम लोगों से भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।

कल्याण फाउंडेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा और सहयोग कार्य निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर संस्था के सचिव रमन धाकड़, कोषाध्यक्ष किशनचंद गुप्ता, त्रिलोक उपाध्याय, केशवदेव गुप्ता, लक्ष्मण धाकड़, कृष्ण मुरारी, दिनेश मित्तल, गोवर्धन शर्मा, प्रेम गुर्जर, हृदय सुमन उपाध्याय, पम्मी गर्ग, प्रवीन शास्त्री, सौरभ अग्रवाल, देवीसिंह प्रजापत, मनीषा अग्रवाल, उर्मिला धाकड़, सुषमा उपाध्याय, हेमंत दीक्षित, केशव सोलंकी तथा पुराबाई खेड़ा सरपंच उमलेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story