भरतपुर जिले के बयाना जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। रेलवे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगातार घूम रहे आवारा सांड रेलवे प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोल रहे हैं। रोजाना सामने आ रहे वीडियो यह साबित कर रहे हैं कि स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम बदहाल हैं। एक ओर रेलवे अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के विकास और विस्तार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, वहीं दूसरी ओर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भारी लापरवाही दिखाई दे रही है।

बयाना जंक्शन इन दिनों आवारा सांडों का अड्डा बनता जा रहा है। स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफॉर्म तक खुलेआम घूम रहे आवारा सांड यात्रियों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री और छोटे बच्चे डर के साये में सफर करने को मजबूर हैं। कई बार सांड प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बीच पहुंच जाते हैं, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन जाते हैं।

स्थानीय निवासी डॉ शैलेन्द्र कुमार गुर्जर, डॉ जगदीश राजौरा और यात्री दिनेश शर्मा का कहना है कि स्टेशन पर रोजाना आवारा पशु घूमते दिखाई देते हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उनका आरोप है कि स्टेशन पर तैनात कर्मचारी और अधिकारी इन हालात से अनजान बने हुए हैं। वहीं सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे वीडियो में प्लेटफॉर्म पर घूमते सांड साफ दिखाई दे रहे हैं।

गौरतलब है कि बयाना शहर पहले से ही आवारा सांडों की समस्या से जूझ रहा है। शहर में कई लोग इन आवारा पशुओं के हमले में अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में आवारा सांडों की मौजूदगी किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रेलवे प्रशासन किसी गंभीर हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है। जब स्टेशन पर रोज हजारों यात्रियों का आना-जाना होता है, तब सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों है। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक बनाया जा रहा है, लेकिन यदि यात्रियों की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं होगी तो इन विकास कार्यों का महत्व भी सवालों के घेरे में रहेगा।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन परिसर में आवारा पशुओं की एंट्री रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story