बारिश में कीचड़ और जलभराव से बेहाल झिरका-बांगर्रा, स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग
बारिश के बाद बयाना के झिरका और बांगर्रा गांव में कीचड़ व जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग तेज कर दी है।

बयाना उपखंड के गढ़ी बाजना क्षेत्र के ग्राम झिरका और बांगर्रा में बारिश के बाद मुख्य बाजार और संपर्क मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव की चपेट में आ गए हैं। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों को प्रतिदिन कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उनके कपड़े और किताबें खराब हो रही हैं। कई बार बच्चे और राहगीर फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के मुख्य बाजार का रास्ता लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। बारिश के दौरान यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है। कीचड़ और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों, किसानों और दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के मुख्य मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस संबंध में ग्राम झिरका-बांगर्रा के युवा मंडल अध्यक्ष सागर पटेल, श्रीभान सिंह, नवो, भगवान सिंह वकील, धर्म बीर, धर्म सिंह, धनश्याम, हरिओम, कृष्णा ठेकेदार, सत्येंद्र सिंह, प्रहलाद सिंह, बंटी पहलवा, विष्णु मावई, धर्वेंद्र मावई, आकाश, योगेश शर्मा, ध्रुव कसाना, मानवेन्द्र सिंह, सौरभ तथा सुरेन्द सहित अनेक ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल असुविधा का विषय नहीं, बल्कि बच्चों और आमजन की सुरक्षा से भी जुड़ी हुई है।

Devisingh Prajapat, Bharatpur
नाम: देवीसिंह प्रजापत
कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)
अनुभव: 15 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)
परिचय
देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)
देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।
शैक्षणिक योग्यता
देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
