बयाना शहर में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मधुवन विहार क्षेत्र में शुक्रवार को चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित रिटायर्ड शिक्षक मुख्तियार सिंह चौधरी के दो पुत्र चिकित्सक हैं। उनका एक बेटा जयपुर में निवास करता है, जहां हाल ही में पुत्र जन्म होने के कारण उनकी पत्नी नाती को देखने के लिए जयपुर गई हुई हैं। ऐसे में मुख्तियार सिंह घर पर अकेले रह रहे थे।

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने मकान के बाहरी गेट पर ताला लगाकर सब्जी लेने बाजार गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया और मकान में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उन्हें जानकारी मिली कि एक युवक मकान की बाउंड्री फांदकर मोटरसाइकिल से फरार हुआ है। सूचना मिलने पर उन्होंने घर की जांच की, जिसमें पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं।

पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में लगभग 36 तोला सोना और करीब 3 किलोग्राम चांदी शामिल है। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बयाना कोतवाली प्रभारी राम गिलास गुर्जर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

उल्लेखनीय है कि बयाना क्षेत्र में हाल के दिनों में दिन के समय चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों ने नागरिकों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने तथा घरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। अब इस मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Devisingh Prajapat, Bharatpur

Devisingh Prajapat, Bharatpur

नाम: देवीसिंह प्रजापत

कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)

अनुभव: 15 वर्ष

बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)

परिचय 

देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)

देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।

शैक्षणिक योग्यता

देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।

Next Story